राज्य
14-May-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने दिल्ली में तिरंगा यात्रा के दौरान बड़ा बयान दिया है। उन्होंने तिरंगा यात्रा को लेकर कहा कि ये पाकिस्तान को भी जवाब और विरोधियों को भी जवाब है। साथ ही विपक्ष की ओर से तिरंगा यात्रा के विरोध पर उन्होंने कहा कि वो बेवकूफ लोग हैं, उनको पता नहीं है कि ऐसे मौके पर एकजुटता दिखानी चाहिए। एकसाथ रहना चाहिए। वो लोग देश को तोड़ने वाले हैं। देश को एकजुट देखना नहीं चाहते। इससे पहले मौलाना साजिद रशीदी ने कहा था कि पहलगाम में जो कुछ भी हुआ, वह एक सुनियोजित साजिश थी। यह हमला (पाकिस्तानी सेना प्रमुख) जनरल मुनीर के बयान के कुछ दिनों बाद हुआ। यह दिल दहला देने वाली घटना है। बेगुनाह निहत्थे लोगों की हत्या करना, जिनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। आपने देखा होगा कि इस घटना के बाद कश्मीर पूरे भारत के साथ खड़ा था। भारत के लोगों ने उनकी (आतंकवादियों की) योजना को विफल कर दिया। साजिद रशीदी ने आगे कहा था, वे भारत में हिंदू-मुस्लिम नफरत पैदा करना चाहते थे। हालांकि, मुसलमानों ने दिखा दिया है कि हम एक थे और एक रहेंगे। बता दें कि भारतीय सशस्त्र बलों की ओर से पाकिस्तान में चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को चिह्नित करने और लोगों को आतंकवाद के खिलाफ प्रेरित करने के लिए बीजेपी ने देश के विभिन्न हिस्सों में तिरंगा यात्रा निकाली। इस तिरंगा में यात्रा में मौलाना साजिद रशीदी ने भी हिस्सा लिया। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली /ईएमएस/14/ मई /2025