राज्य
14-May-2025
...


भोपाल (ईएमएस)। भारत और विश्वभर के छात्रों के बीच उच्च शिक्षा के लिए प्रतिष्ठित साँची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय को कॉमन यूनिवर्सिटी इन्ट्रेंस टेस्ट (CUET-PG) में जबरदस्त प्रतिसाद मिला है। CUET के माध्यम से इस वर्ष 37,404 छात्रों ने विश्वविद्यालय को स्नातकोत्तर शिक्षा के लिए चुना है। साँची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय में छात्रों की विषयगत रुचि विविधता और गहन अध्ययन की ओर संकेत करती है। साँची विश्वविद्यालय को चुनने वाले छात्रों की संख्या विषयवार इस प्रकार है: अंग्रेज़ी (21,143 छात्र) – भाषा और साहित्य में गहरी रुचि रखने वाले छात्र इस विषय को चुन रहे हैं। इसमें संचार कौशल, विश्लेषणात्मक सोच और वैश्विक साहित्य की गहराई को समझ सकते हैं। हिन्दी (6,590 छात्र) – भारतीय भाषा एवं साहित्य को संरक्षित करने और उसमें शोध करने की इच्छा रखने वाले छात्रों की यह पसंद है। कविता, गद्य, भाषा संरचना और सांस्कृतिक अध्ययन की संभावनाएँ हैं। दर्शनशास्त्र (2,655 छात्र) – सत्य, अस्तित्व और चेतना से जुड़े गूढ़ प्रश्नों की खोज के इच्छुक छात्र दर्शनशास्त्र को चुनते हैं। जीवन और विचारधाराओं की गहन समझ विकसित करने में मदद करता है। शिक्षाशास्त्र (3,278 छात्र) – शिक्षा के विभिन्न आयामों को समझने और नवाचारों को अपनाने की इच्छा रखने के साथ यह भविष्य के शिक्षकों और शिक्षाविदों को विकसित करने में मदद करता है। योग विभाग (848 छात्र) – शारीरिक और मानसिक संतुलन की ओर बढ़ने वाले छात्र योग को न केवल अभ्यास के रूप में बल्कि गहन अध्ययन और अनुसंधान के दृष्टिकोण से भी अपना रहे हैं। भारतीय चित्रकला (875 छात्र) – कला और संस्कृति में रुचि रखने वाले छात्र इस विषय को चुनकर भारत की पारंपरिक और आधुनिक चित्रकला शैली में गहराई से अध्ययन कर सकते हैं। बौद्ध अध्ययन (374 छात्र) – बौद्ध धर्म और उसके दर्शन को समझने, प्राचीन ग्रंथों का अध्ययन करने और इसे आधुनिक संदर्भ में देखने की रुचि रखने वाले छात्र इस विषय को चुनते हैं। चीनी भाषा (89 छात्र) – चीनी भाषा, संस्कृति और रोजगारोन्मुखी अवसर के लिए पसंद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के पोर्टल पर डेटा अपलोड होने के साथ ही छात्रों की प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ होगी। प्रत्येक विषय में 30 सीट होने से मेरिट आधार पर पहले प्रवेश लेने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा का केंद्र साँची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय न केवल भारत में बल्कि वैश्विक स्तर पर बौद्ध अध्ययन और भारतीय संस्कृति के प्रति आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहाँ छात्रों को प्रायोगिक ज्ञान प्रदान किया जाता है, जिससे वे विभिन्न कार्यक्रमों, वर्कशॉप और सभा-सम्मेलनों में भाग लेने और आयोजन करने का अवसर प्राप्त करते हैं। मध्यप्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा वित्तपोषित इस प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में भारत समेत दुनियाभर के छात्र बौद्ध अध्ययन, भारतीय कला, दर्शन और संस्कृति से जुड़े विषयों की गहन शिक्षा प्राप्त करने आते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को उत्कृष्ट शैक्षणिक माहौल और व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं और नवीन शिक्षण पद्धतियों को अपनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है। धर्मेन्द्र, 14 मई, 2025