राज्य
14-May-2025


रांची(ईएमएस)।बहुचर्चित सात करोड़ नकद के साथ एक किलो सोना लूटने से जुड़े 17 साल पुराने मामले में ट्रायल फेस कर रहा आरोपी जेल में बंद नक्सली कुंदन पाहन को अदालत ने पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया है। अपर न्यायायुक्त आनंद प्रकाश की अदालत ने बुधवार को उक्त मामले में फैसला सुनाया। आरोपी पर लगे आरोप को साबित करने के लिए अभियोजन पक्ष ने दो आईओ समेत 6 गवाहों को अदालत में प्रस्तुत किया था। लेकिन, आरोप साबित नहीं किया जा सका। जांच अधिकारी ने अदालत के समक्ष कहा कि लूटी गई कोई सामग्री बरामद नहीं हो सकी है।इसका लाभ आरोपी को मिला है। आईसीआईसीआई एटीएम कैश वैन लूट की घटना को अंजाम तमाड़ थाना क्षेत्र में 21 मई 2008 को दिया गया था। आरोपियों ने जमशेदपुर से रांची के लिए चली वैन तमाड़ के सुप्रिया ढाबा के निकट रूकी। वैन के गनमैन शौच के लिए गया। उसी समय अपराधियों ने फायरिंग करके घटना को अंजाम दिया। घटना को लेकर तमाड़ थाना में कांड संख्या 44/2008 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बता दें कि इसी मामले में आरोपी संतोष उर्फ मंटू मुंडा को 23 नवंबर 2016 को एवं गोवर्धन मुंडा को 19 जुलाई 2018 को साक्ष्य के अभाव में बरी हो चुका है। कर्मवीर सिंह/14मई/25