राष्ट्रीय
30-May-2025
...


-गोवा के स्थापना दिवस पर राज्यवासियों को दीं शुभकामनाएं पणजी,(ईएमएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को गोवा के स्थापना दिवस के अवसर पर राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं और राज्य की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में पर्यटन की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने सतत पर्यटन (सस्टेनेबल टूरिज्म) को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि गोवा की सुंदरता और विरासत को सुरक्षित रखने के लिए पर्यटकों और स्थानीय समुदायों को मिलकर काम करना होगा। राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, कि राज्य स्थापना दिवस पर गोवा के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं! गोवा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सुंदर समुद्र तट, गर्मजोशी से भरा आतिथ्य और अन्य कई आकर्षण दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। उन्होंने आगे कहा, पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को राज्य की संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने के लिए सतत पर्यटन को अपनाते हुए एक साथ आना चाहिए और स्थानीय समुदायों का सहयोग करना चाहिए। स्थापना दिवस का ऐतिहासिक महत्व गौरतलब है कि 30 मई 1987 को गोवा को पूर्ण राज्य का दर्जा प्राप्त हुआ था। इससे पहले यह केंद्र शासित प्रदेश गोवा, दमन और दीव का हिस्सा था। राज्य बनने के बाद से गोवा ने आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति की है। विकसित भारत के निर्माण में गोवा का योगदान राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश के अंत में कामना की, कि गोवा राज्य निरंतर प्रगति करे और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देता रहे। हिदायत/ईएमएस 30मई25