वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका की ट्रंप सरकार ने मोडर्ना कंपनी से बर्ड फ्लू वैक्सीन बनाने का कॉन्ट्रैक्ट छीन लियास है। इसके साथ ही वैक्सीन खरीदने का उनका अधिकार भी रद्द किया गया है। बता दें, कोरोना महामारी के समय मोडर्ना ने ही कोविड-19 की एमआरएनए वैक्सीन बनाई थी। जनवरी 2025 में बाइडन प्रशासन ने मोडर्ना को बर्ड फ्लू (एच5एन1) वैक्सीन बनाने के लिए 590 मिलियन डॉलर दिए थे। इससे पहले, 2024 में कंपनी को वैक्सीन के अंतिम स्टेज के ट्रायल के लिए 176 मिलियन डॉलर का फंड मिला था। ये फंड अमेरिका के स्वास्थ्य विभाग (एचएचएस) की ओर से मिला था ताकि एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा के खिलाफ वैक्सीन बनाई जा सके। मोडर्ना ने कहा है कि वहां अब वैक्सीन के विकास के लिए अन्य विकल्प तलाश रही है। कंपनी का कहना है कि उन्होंने जो वैक्सीन बनाई है, उसका शुरुआती टेस्ट सकारात्मक रहा है। ये वैक्सीन एच5 एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस को टारगेट करती है। अमेरिका में अप्रैल 2024 में पहली बार एच5एन1 बर्ड फ्लू के मामले सामने आए थे। अब तक इससे 70 से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें ज़्यादातर पोल्ट्री फार्म में काम करने वाले मजदूर हैं। हालांकि, अब तक ये वायरस इंसान से इंसान में नहीं फैला है, इसलिए आम जनता के लिए खतरा कम है। लेकिन जो लोग पक्षियों या मुर्गियों के संपर्क में रहते हैं, उनके लिए खतरा ज्यादा है। आशीष दुबे / 30 मई 2025