पटना, (ईएमएस)। बिहार सरकार ने सवर्ण आयोग के गठन को मंजूरी दे दी है। राज्यपाल की स्वीकृति के बाद भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधान पार्षद महाचंद्र प्रसाद सिंह को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही आयोग के अन्य सदस्यों की नियुक्ति भी कर दी गई है। तिरहुत क्षेत्र से आने वाले महाचंद्र प्रसाद सिंह का लंबा राजनीतिक कैरियर रहा है। वे विधान पार्षद रह चुके हैं और वर्तमान में भाजपा संगठन के लिए सक्रिय रूप से कार्यरत थे। उनकी नियुक्ति को सवर्ण समाज के लिए एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है। वहीं सवर्ण आयोग के उपाध्यक्ष के रूप में राजीव रंजन प्रसाद को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, दरभंगा के दयानंद राय, समस्तीपुर के जय कृष्ण झा और भागलपुर के राजकुमार सिंह को आयोग का सदस्य बनाया गया है। आयोग के अध्यक्ष बनने पर डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस दायित्व को सामाजिक विश्वास और सम्मान का प्रतीक बताते हुए कहा कि ये उनके लिए गर्व का क्षण है। डॉ. सिंह ने इसे सवर्ण समाज की भावनाओं और संघर्षों का सम्मान करार दिया। उन्होंने कहा कि ये नियुक्ति न केवल मेरे लिए व्यक्तिगत सम्मान है, बल्कि उन लाखों गरीब और पिछड़े सवर्ण परिवारों की आकांक्षाओं की स्वीकृति है, जो वर्षों से अपनी समस्याओं के लिए संघर्षरत हैं। आयोग समाज की सेवा का माध्यम बनेगा। ये जमीनी सरोकारों को उठाने, नीतिगत सुझाव देने और सरकार के साथ समन्वय बनाकर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में काम करेगा। संतोष झा- ३१ मई/२०२५/ईएमएस