लॉन्गतलाई,(ईएमएस)। पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून पहुंचने से पहले ही भारी बारिश जारी है। मिजोरम और असम में बारिश ने बुरा हाल कर रखा है। दक्षिणी मिजोरम के लॉन्गतलाई शहर में भारी बारिश से हुए भूस्खलन में पांच मकान और एक होटल ढहने से कई लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट में अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि शुक्रवार रात लॉन्गतलाई के बाजार वेंग और चांदमारी इलाकों के सीमावर्ती इलाके में भूस्खलन की चपेट में आने से मकान और होटल ढह गए। होटल में ठहरे म्यांमार के कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि घटना की विस्तृत जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। पूर्वोत्तर राज्य में शुक्रवार से मूसलाधार बारिश हो रही है, जिसके कारण कई स्थानों पर भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाएं हुई हैं। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में बीते 48 घंटे से हो रही भारी बारिश के चलते असम सरकार ने स्कूल और कॉलेजों को बंद करने का आदेश दिया है। इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों के लिए भी आकस्मिक छुट्टी घोषणा कर दी है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी परामर्श में कहा गया कि तेज बारिश ने राज्य के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्से के जिलों को बुरी तरह प्रभावित किया है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बने दबाव के कारण इन जिलों में 20-30 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश हुई है। सिराज/ईएमएस 31मई25