अंतर्राष्ट्रीय
31-May-2025
...


डरकर भाग खड़ी हुई मुनीर की सेना काबुल,(ईएमएस)। अफगानिस्तान के हेलमंद प्रांत में स्थित बहराम चह, जो पाकिस्तान के चगई जिले से सटा सीमावर्ती कस्बा है, फिर सशस्त्र संघर्ष का केंद्र बन गया है। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और तालिबान के बीच 3 फरवरी से शुरू हुई झड़पें अब तेज हो चुकी हैं। हालिया विवाद तब शुरू हुआ, जब तालिबान ने अपनी सीमा को सुरक्षित करने के लिए नई चौकी बनाने की कोशिश की। इस काम को पाकिस्तानी बलों ने समझौते का उल्लंघन बताकर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में, तालिबान ने पाकिस्तान के चेकपोस्ट पर हमला बोल दिया। मोर्टार दागने से चेकपोस्ट ध्वस्त हो गया। इस बढ़ते संघर्ष के कारण चगई जिले के ढाई लाख से ज्यादा लोगों को पाक की शाहबाज सरकार ने तत्काल घर छोड़ने का आदेश ​दिया है। तालिबान ने भी अपने नागरिकों को क्षेत्र खाली करने को कहा है। इस स्थिति ने पहले से ही बिगड़े पाक-अफगान रिश्तों को और अधिक तनावपूर्ण बन गए है। बहराम चह चेकपोस्ट डूरंड लाइन पर स्थित है। यह नशीले पदार्थों की तस्करी, हथियारों की आवाजाही और विद्रोही गतिविधियों के लिए एक अहम गलियारा माना जाता है। इसके अलावा यह चगई और हेलमंद के बीच सैन्य गतिविधियों को भी नियंत्रित करता है। पाकिस्तानी सेना के लिए इसका नष्ट होना संकट पैदा कर सकता है। अफगानिस्तान और तालिबान दोनों ने अब सैन्य तैयारियों को तेज कर दिया है। तालिबान ने कंधार की 205वीं कोर को तैनात किया है, जिसमें 50 आत्मघाती हमलावरों का दस्ता शामिल है। ये दस्ते पाकिस्तानी बलों पर हमले के लिए तैयार हैं, जिससे स्थिति और खतरनाक हो गई है। पाकिस्तान ने भी तालिबान के टक्कर देने के लिए अपनी सीमा पर फ्रंटियर कोर बलूचिस्तान को मजबूत किया और टैंक तैनात किए हैं। आम लोग डर के साए में हैं। इसकी बड़ी वजह पाकिस्तानी सेना का सीमा छोड़कर पीछे हटना है। पाकिस्तान प्रशासन ने स्कूल, कॉलेज और अन्य सार्वजनिक स्थानों को बंद किया है और अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा है। स्थानीय अपनी सुरक्षा के लिए बम शेल्टर की तलाश कर रहे हैं। यह स्थिति 2023 के डेरा इस्माइल खान आत्मघाती हमले की पुनरावृत्ति जैसी लग रही है, जब तहरीक-ए-जिहाद पाकिस्तान ने सेना को निशाना बनाया था। तालिबान से भिड़ंत के बाद पाकिस्तानी सेना अपनी चार चौकियां छोड़कर भाग खड़ी हुई है। इसमें तीन चौकियां बहराम चह के आसपास स्थित हैं। यहां मोर्टार हमलों के बाद पाक सेना पीछे हटी है। वहीं गोंशोरो पास चेकपोस्ट को भी पाक सेना छोड़कर कर पीछे हट गई है। बता दें कि भिड़ंत वाला जिला चगई, पाक के सबसे बड़े प्रांत बलूचिस्तान में स्थित है। बलूचिस्तान का यह सबसे बड़ा जिला जिला अफगानिस्तान के अलावा ईरान की सीमा से सटा होने से काफी अहम है। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि जल्द ही कोई राजनयिक समाधान नहीं निकाला गया, तब यह संघर्ष न केवल पाक-अफगान संबंधों को बल्कि पूरे दक्षिण एशिया की सुरक्षा स्थिरता को प्रभावित कर सकता है। आशीष दुबे / 31 मई 2025