:: मेट्रो रेल में बैठकर किया सफर :: इन्दौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शाम को इन्दौर आये। इन्दौर एयरपोर्ट से सीधे नव उद्घाटित मेट्रो रेल परियोजना के गांधीनगर क्षेत्र में स्थित देवी अहिल्याबाई मेट्रो स्टेशन पहुंचे। यहां से उन्होंने मेट्रो रेल में बैठकर सफर किया। वे सैकड़ों महिला यात्रियों के साथ सफर में अहिल्याबाई मेट्रो स्टेशन से झलकारी बाई मेट्रो स्टेशन तक पहुंचे। उसके पश्चात वहां से वापस अहिल्याबाई मेट्रो स्टेशन आए। इस दौरान वे इंजन में पहुंचे तथा उन्होंने मेट्रो रेल संचालन की व्यवस्थाओं को देखा। इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों से चर्चा कर मेट्रो रेल संचालन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अपने सफ़र के दौरान महिला यात्रियों से भी चर्चा की और उनके अनुभव जाने। स्टेशन पहुंचते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, गोलू शुक्ला, मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ तथा सुश्री उषा ठाकुर, सुमित मिश्रा, श्रवण कुमार चावड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संभागायुक्त दीपक सिंह, पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह तथा कलेक्टर आशीष सिंह भी उनके साथ थे। उल्लेखनीय की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ही लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्म जयंती वर्ष के अवसर पर भोपाल में आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन के माध्यम से इस मेट्रो रेल परियोजना का शुभारंभ किया। बताया गया कि इन्दौर की मेट्रो रेल परियोजना का यह प्रथम चरण है। प्रथम चरण में 1520 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। यह येलो लाइन मेट्रो 6 किलोमीटर लंबाई के रूट पर चलेगी। इस मेट्रो रेल में सभी आधुनिक, सुगम और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी। प्रति ट्रेन में 900 से अधिक यात्री एक साथ सफ़र कर सकते हैं। स्टेशनों को भी अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया गया है। स्टेशनों में यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर, AI आधारित ट्रैकिंग एवं क्यूआर आधारित टिकटिंग प्रणाली से सफर को स्मार्ट बनाया गया है। उमेश/पीएम/31 मई 2025