क्षेत्रीय
01-Jun-2025
...


मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी जिला शतरंज संघ के द्वारा जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय वाटसन उच्च विद्यालय स्थित खेल भवन में आयोजित किया गया। जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का उद्घाटन विभागाध्यक्ष राजनीति शास्त्र ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय डॉ. मुनेश्वर यादव, प्रधानाध्यापक वाटसन मध्य विद्यालय मीरा सहाय, कलाकार बनारस घराना के ध्रुव सहाय द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जागरण संगीत कला महाविद्यालय मधुबनी की छात्रा शीतल मिश्रा, प्रज्ञा मिश्रा, मानसी मिश्रा, अविरल मिश्रा के द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत किया गया। उद्घाटन सत्र में बोलते हुए डॉक्टर मुनेश्वर यादव ने कहा कि शतरंज खेल से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। अंतर्राष्ट्रीय फीडे रेटेड खिलाड़ी सह मुख्य निर्णायक दीनानाथ मिश्र ने बताया कि यहां से चयनित बच्चे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। खेल शिक्षक सह राज्य स्तरीय निर्णायक सुनील कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रत्येक वर्ष जिला प्रशासन मधुबनी द्वारा मशाल एवं विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन करता है। इस अवसर पर वंदना कुमारी, बिरजू कुमार मिश्रा, मोहम्मद खुर्शीद, किशोर कुमार, दयाशंकर राउत, हरीश मिश्रा, मृत्युंजय साह, सुरेश प्रसाद ने आयोजन में निर्णायक मंडल को सहयोग किया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न भागों से लगभग 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन राजकीय शिक्षक सम्मान प्राप्त संगीत सह खेल शिक्षक वाटसन उच्च विद्यालय डॉ शिवनारायण मिश्रा ने किया। संध के सचिव अमित कुमार के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन दिया। संवाद प्रेषण तक खेल जारी था। कार्तिक कुमार/संतोष झा- ०१ जून/२०२५/ईएमएस