मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी जिला के निवर्तमान जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा का मुंगेर जिला में जिला पदाधिकारी के पद पर स्थानांतरण प्रशासनिक कार्य का एक हिस्सा है। उनके स्थानांतरण की अधिसूचना जारी होते ही जिले में उनके प्रति एक भावनात्मक माहौल बन गया है। यह बात रविवार को मेयर अरुण राय ने कही। उन्होंने कहा कि मधुबनी की जनता, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों में उनके कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों की भूरी भूरी प्रशंसा हो रही है। निवर्तमान जिला पदाधिकारी श्री वर्मा का विदाई समारोह ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा। मेयर अरुण राय ने कहा कि निवर्तमान डीएम श्री वर्मा मधुबनी में प्रशासनिक कार्यों, विकास की योजनाओं के क्रियान्वयन, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा के क्षेत्र में सुधार, सड़क एवं नाला निर्माण के कार्यों एवं जिले में विधि व्यवस्था संधारण के लिए जाने जाएंगे. उनका जिले की जनता के साथ भावनात्मक संबंध बन गया था। खेल के क्षेत्र में भी अपने योगदान के लिए वे बरसों याद किए जाएंगे। प्रत्येक शुक्रवार को डीएम के जनता दरबार में जिले के दूरदराज से आए सैकड़ो लोगों के पीड़ा को जानना एवं उनके आवेदनों पर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने कि उनकी क्षमता को लोग हमेशा याद रखेंगे। वे एक कुशल प्रशासक के साथ सहृदय इंसान भी हैं। मेयर अरुण राय ने कहा कि वर्तमान डीएम के विदाई समारोह में सैकड़ो की संख्या में दो पहिया एवं चार पहिया वाहन से जिला की जनता एस्कॉर्ट करते उन्हें मधुबनी जिला के सीमा तक छोड़ने जाएगी। इस दौरान जगह जगह पर लोग उनके स्वागत में खड़े रहेंगे। कार्तिक कुमार/संतोष झा- ०१ जून/२०२५/ईएमएस