मुंबई,(ईएमएस)। आंखें जिससे हम इस खूबसूरत दुनिया को देखते हैं यह हमारे शरीर का खास अंग है। आंखों के महत्व समझाने के लिए दुनियाभर में 10 जून को विश्व नेत्रदान दिवस मनाया जाता है। नेत्रदान एक नेक कार्य है, जो किसी के जीवन में रोशनी ला सकता है। भारत में कई सितारों ने नेत्रदान का संकल्प लेकर समाज को प्रेरित किया है। इन सितारों ने न सिर्फ अपनी आंखें दान करने का वादा किया, बल्कि लोगों को इस नेक कार्य के लिए प्रोत्साहित भी किया हैं। इन सेलेब्स में ऐश्वर्या राय, अमिताभ बच्चन, रानी मुखर्जी, आदित्य पंचोली, रणदीप हुड्डा जैसे कई सितारे शामिल हैं। बिग बी अमिताभ बच्चन ने एक एनजीओ के साथ मिलकर अपनी आंखें दान करने की घोषणा की थी। उनकी यह पहल कई लोगों के लिए प्रेरणा बनी। वहीं, बच्चन परिवार की बहू और अभिनेत्री ऐश्वर्या राय ने करियर की शुरुआत में ही आई बैंक एसोसिएशन ऑफ इंडिया को अपनी आंखें दान करने का संकल्प लिया था। नेत्रदान करने वाले सितारों की सूची में अभिनेत्री रानी मुखर्जी का भी शामिल है। रानी का मानना है कि दो आंखें दान करने से किसी की जिंदगी को रोशन किया जा सकता है। रणदीप हुड्डा और काजल अग्रवाल ने साल 2016 में आई फिल्म ‘दो लफ्जों की कहानी’ में काम करने के बाद नेत्रदान का संकल्प लिया था। रणदीप ने 2016 में नेशनल ऑर्गन डोनेशन डे पर यह घोषणा की थी। तो ऐसे भी कुछ दिवंगत स्टार्स हैं जिनकी आंखों से लोग दुनिया देख रहे हैं। इनमें कन्नड़ सुपरस्टार पुनीत राजकुमार भी शामिल हैं। साल 2021 में मृत्यु के बाद उनकी आंखें दान की गई थीं। उनके पिता डॉ. राजकुमार ने भी 1994 में परिवार की आंखें दान करने का संकल्प लिया था। सिराज/ईएमएस 09जून25