09-Jun-2025


जयपुर (ईएमएस)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर नगर निगम को निर्देश दिए हैं कि होटल अग्निकांड के बाद किए गए सर्वे की सूची आगामी एक सप्ताह में ऑनलाइन सार्वजनिक करें। इस कार्य में ढिलाई अब बरदाश्त नहीं होगी। मानसून से पूर्व सभी नालों, जल आवक के मार्गों व जलभराव संभावित क्षेत्र की सफाई सुनिश्चित की जाएगी। अजमेर विकास प्राधिकरण जयपुर रोड़ से बस स्टैण्ड तक सड़क का सौन्दर्यीकरण कराएगा। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सर्किट हाउस में नगर निगम और अजमेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की बैठक ली। देवनानी ने नगर निगम के अधिकारियों से होटल नाज अग्निकांड के बाद अजमेर के होटलों के सर्वे के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अब तक जितने होटलों, गेस्ट हाउस का सर्वे कर लिया गया है। उनमें से कितनों की स्वीकृति है, कितनी मंजिल है, ट्रेड लाइसेंस और फायर एनओसी आदि है या नहीं। इसकी सूची अगले एक सप्ताह में सार्वजनिक हो जानी चाहिए। इस कार्य में ढिलाई बरदाश्त नहीं होगी। निगम के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि अब तक 581 होटलों का सर्वे किया जा चुका है। श्री देवनानी ने निर्देशित किया कि मानसून शीघ्र आना संभावित है। इससे पूर्व शहर के सभी नालों की सफाई कर ली जाए। इसके साथ ही आनासागर व वरूण सागर झील, बांडी नदी, आनासागर एस्केप चौनल व नालों में पानी की आवक के रास्तों व जलभराव के संभावित क्षेत्रों की भी सफाई सुनिश्चित की जाए। यह सारा कार्य समय रहते पूरा कर लिया जाए। अशोक शर्मा/ 5 बजे/ 9 जून 2025