जगदलपुर(ईएमएस)। जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव और सांसद महेश कश्यप ने बुरूंदवाड़ासेमरा और करनपुर में विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 73.43 लाख रुपए है। भूमिपूजन के दौरान बुरूंदवाड़ासेमरा में 700 मीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण (19.15 लाख रुपए), 100 मीटर सीसी सड़क (3.17 लाख रुपए), किचन शेड का निर्माण (14.33 लाख रुपए), और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (9.05 लाख रुपए) शामिल थे। वहीं करनपुर क्षेत्र में 240 मीटर सीसी सड़क (7.78 लाख रुपए) और 600 मीटर सीसी सड़क (19.50 लाख रुपए) के निर्माण कार्य भूमि पूजन के अंतर्गत आए। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास कार्य लगातार हो रहे हैं। जनता की मांगों के अनुसार सड़क, नाली, पेयजल, शिक्षा, विद्युत जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी कार्य समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन और सुविधाएं मिलेंगी। सांसद महेश कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश भर में चौमुखी विकास कार्य निरंतर जारी हैं और आने वाले समय में भी जनता की सभी मांगें पूरी की जाएंगी। भूमिपूजन समारोह में जनपद सदस्य मीना राव, मंडल अध्यक्ष महेन्द्र सेठिया, सरपंच बुदरी बधेल, उप सरपंच श्रीमती मधु राव, वनसिंग, सुब्रतों विश्वास, राजेश शर्मा, सीमांचल दास, रैनू बधेल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और जनपद सीईओ अमित भाटिया मौजूद रहे। ईएमएस(संजय कुमार जैन)09 जून 2025