राज्य
13-Jun-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए राजस्थान के जयपुर से साल 2022 में हुई एक करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी के वांटेड और फरार आरोपी संजय पहाड़िया को दिल्ली के संगम विहार इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी संजय पहाड़ियां पर जयपुर पुलिस द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। 8 और 9 मार्च 2022 की रात जयपुर के जवाहर नगर इलाके में एक बड़ी चोरी हुई थी। चोरों ने सोने और हीरे की ज्वेलरी नगद रुपये और फॉरेन करंसी समेत करीब 1 करोड़ रुपये की संपत्ति चोरी कर ली थी। पुलिस की जांच के दौरान इस पूरी वारदात को अंजाम देने के लिए उसमें इस्तेमाल एक कार की पहचान संजय पहाड़िया से हुई। जिसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। दिल्ली पुलिस ने आरोपी संजय पहाड़िया को 10 जून को दिल्ली के संगम विहार इलाके से गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली पुलिस की पूछताछ में संजय ने माना कि वह साल 2004 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। उसने दिल्ली पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह निहाल विहार नागलोई का रहने वाला है। आरोपी ने बताया कि उसकी शुरुआत जितेंद्र उर्फ गोलू और मोहम्मद जावेद के साथ हुई थी। दिल्ली पुलिस को संजय ने यह भी बताया कि राजस्थान के जयपुर की चोरी में उसने और मोहम्मद जावेद ने मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था। जावेद रोहित चौधरी गैंग का एक्टिव मेंबर है। हत्या और हत्या के प्रयास डकैती, रंगदारी जैसे गंभीर मामलों में शामिल है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक संजय पहाड़िया के खिलाफ दिल्ली उत्तर प्रदेश और राजस्थान में करीब 70 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिसमें चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत मामले प्रमुख हैं। हालांकि दिल्ली पुलिस ने आरोपी संजय को गिरफ्तार कर संबंधित राज्यों की पुलिस को भी इसकी जानकारी दे दी है। अजीत झा/ देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/13/जून/2025