क्षेत्रीय
13-Jun-2025
...


रायपुर(ईएमएस)। लोकतंत्र सेनानी संघ एवं सहयोगी संगठन लोकतंत्र प्रहरी, छत्तीसगढ़ द्वारा आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में आज रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने ने आपातकाल की पृष्ठभूमि और इसके दुष्परिणामों को लेकर विस्तार से चर्चा की। उपासने ने बताया कि आपातकाल के विरोध में संघर्ष करने वाले सत्याग्रहियों एवं लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में 26 जून को मुख्यमंत्री निवास में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आमंत्रण पर इस अवसर पर प्रदेशभर से लोकतंत्र सेनानी और उनके परिजन शामिल होंगे। इस गरिमामय कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रीगण, निगम आयोग अध्यक्षगण और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। अतिथियों द्वारा आपातकाल के 50 वर्ष एवं संविधान हत्या दिवस विषय पर अपने विचार व्यक्त किए जाएंगे। कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान के साथ-साथ संयुक्त भोज का भी आयोजन किया गया है। इस क्रम में लोकतंत्र प्रहरी संगठन द्वारा प्रदेश स्तर पर दो श्रेणियों में निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं के लिए विषय होगा: 25 जून - संविधान हत्या दिवस प्रासंगिक क्यों? विद्यालयीन छात्रों के लिए विषय रहेगा: आपातकाल विस्मृत न हो। प्रतियोगिता की अंतिम तिथि 30 जून 2025 निर्धारित की गई है। प्रतिभागियों को अपने विद्यालय/महाविद्यालय के प्राचार्य की सहमति पत्र के साथ निबंध उपासने निवास, प्रोफेसर कॉलोनी, सेक्टर 3, सड़क 3, वामनराव लाखे वार्ड क्रमांक 66, रायपुर के पते पर भेजना होगा। प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को निम्नानुसार पुरस्कार दिए जाएंगे प्रथम पुरस्कार: ₹31000 द्वितीय पुरस्कार: ₹21,000 तृतीय पुरस्कार: ₹11,000 इसके अतिरिक्त अन्य भावपूर्ण निबंधों को प्रोत्साहन पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आपातकाल की विभीषिका को जनमानस तक पहुंचाने हेतु “आपातकाल का काला इतिहास” नामक पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा। लोकतंत्र सेनानी संघ व लोकतंत्र प्रहरी की प्रदेश एवं जिला इकाइयों का पुनर्गठन और सदस्यता अभियान भी व्यापक रूप से चलाया जाएगा। लोकतंत्र प्रहरी के प्रदेश अध्यक्ष विशाल राजहंस एवं लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रदेश अध्यक्ष दिवाकर तिवारी ने पत्रकारों को बताया कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को आपातकाल जैसे ऐतिहासिक घटनाक्रम से अवगत कराना और लोकतंत्र की महत्ता को समझाना है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 जून 2025