अंतर्राष्ट्रीय
13-Jun-2025
...


लंदन,(ईएमएस)। बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति और नामचीन बिजनेसमैन संजय कपूर का गुरुवार को अचानक निधन हो गया। संजय कपूर इंग्लैंड में आयोजित एक पोलो इवेंट में हिस्सा ले रहे थे। खेल के दौरान अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया और वो मैदान पर गिर पड़े। तुरंत ही उन्हें मेडिकल इमरजेंसी के तहत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर्स ने उन्हें बचा नहीं सके। उनकी उम्र 53 वर्ष थी।संजय कपूर की आखिरी पोस्ट ने सभी को भावुक कर दिया है। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा था: अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान हादसे की दुखद खबर। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं इस दुर्घटना में प्रभावित सभी परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस मुश्किल घड़ी में शक्ति प्रदान करे। यह पोस्ट उनकी मानवीय संवेदनशीलता को दर्शाता है और अब उनके असामयिक निधन को और भी शोकपूर्ण बना देता है। प्रसिद्ध लेखक और अभिनेता सुहेल सेठ ने भी संजय कपूर के निधन की पुष्टि करते हुए एक्स पर लिखा कि संजय कपूर के निधन पर गहरा दुख हुआ है। आज सुबह इंग्लैंड में उनका निधन हो गया। यह एक बहुत बड़ी क्षति है और उनके परिवार और सहयोगियों के प्रति गहरी संवेदनाएं हैं। संजय कपूर ने साल 2003 में करिश्मा कपूर से शादी की थी, लेकिन दोनों के रिश्ते में कई विवाद सामने आए। 2016 में इनका तलाक हुआ, जिसमें करिश्मा ने संजय पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। इस शादी से उनके दो बच्चे हैं – बेटी समायरा और बेटा कियान। तलाक के बाद संजय ने प्रिया सचदेव से दूसरी शादी की थी। संजय कपूर का असामयिक निधन उनके परिवार, करीबी मित्रों और बिजनेस जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। वीरेंद्र/ईएमएस/13जून2025