राष्ट्रीय
14-Jun-2025
...


- सकल हिन्दू समाज के आंदोलन के बाद लिया गया निर्णय अहिल्यानगर, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के शनि शिंगणापुर देवस्थान ने अपने 167 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है। इसमें 114 मुस्लिम कर्मचारी भी शामिल हैं। शनि देवस्थान ने स्पष्ट किया है कि इन कर्मचारियों को अनियमितताओं और अनुशासन का पालन न करने के कारण बर्खास्त किया गया है। मंदिर से 114 मुस्लिम कर्मचारियों को हटाने के लिए सकल हिन्दू समाज आंदोलन कर रहा था। श्री शनि शिंगणापुर मंदिर में मुस्लिम कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर विवाद बढ़ गया था। शनि शिंगणापुर मंदिर ट्रस्ट में कार्यरत 114 मुस्लिम कर्मचारियों के खिलाफ हिन्दू संगठन आक्रामक हो गए थे। संगठन ने मांग की थी कि ट्रस्ट सभी मुस्लिम कर्मचारियों को तत्काल बर्खास्त करे। अन्यथा, 14 जून को मंदिर के बाहर पूरे हिंदू समुदाय द्वारा एक बड़ा मार्च निकालने की चेतावनी भी दी थी। आपको बता दें कि 21 मई 2025 को मुस्लिम कारीगरों ने मंदिर के पवित्र चबूतरे पर ग्रिल लगाई और भगवान शनिदेव के चबूतरे की सफाई और रंगाई-पुताई की। तब मामला और भी गरमा गया था। इस घटना की जानकारी मिलने पर महाराष्ट्र मंदिर महासंघ और हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई थी। उसके बाद अब मंदिर के न्यासी मंडल ने सभी मुस्लिम कर्मचारियों को हटाने का फैसला किया है। मंदिर ट्रस्ट ने इस संबंध में स्पष्टीकरण दिया, जिसके अनुसार यह स्वीकार किया गया है कि ट्रस्ट में 114 मुस्लिम कर्मचारी काम करते हैं। हालांकि, ट्रस्ट के मुताबिक इनमें से कोई भी मुस्लिम कर्मचारी मुख्य गर्भगृह या मंदिर के चबूतरे पर ड्यूटी पर नहीं है। ये कर्मचारी मुख्य रूप से कृषि विभाग, अपशिष्ट प्रबंधन विभाग और शिक्षा से जुड़े कामों में लगे हैं। इनमें से 99 कर्मचारी पिछले 5 महीने से काम से अनुपस्थित हैं और उनका वेतन भी रोक दिया गया है। संतोष झा- १४ जून/२०२५/ईएमएस