नई दिल्ली(ईएमएस)। भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम से अब पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और मध्य प्रदेश में बारिश की संभावना बढ़ रही है। आईएमडी के मुताबिक, बिहार में इस वर्ष मॉनसून 17 जून से शुरू हो सकता है, जो सामान्य से थोड़ी देर से आ रहा है। पटना, गया, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया जैसे क्षेत्रों में बारिश की गतिविधि जोर पकड़ने की उम्मीद है। इससे लोगों को तो तपती गर्मी से राहत मिलेगी ही साथ की किसानों को खरीफ की फसल के लिए भी राहत होगी। आईएमडी ने कहा है कि यह मौसम 25 जून तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान सहित उत्तर-पश्चिम राज्यों के अधिकांश हिस्सों में पहुंच सकता है। सामान्य से पहले आगमन होगा। इससे वर्तमान लू के हालात में जरूरी राहत मिलेगी। राष्ट्रीय राजधानी में लगातार चार दिनों तक भीषण गर्मी रहने के बाद शुक्रवार को तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गयी। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ‘ऑरेंज अलर्ट’जारी करते हुए शुक्रवार देर शाम को आंधी और बारिश का अनुमान जताया है। दिल्ली की आधिकारिक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान गिरकर 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है, लेकिन बृहस्पतिवार के 43.9 डिग्री सेल्सियस से कम है। शहर के अन्य मौसम केंद्रों ने भी महत्वपूर्ण गिरावट दर्ज की। रिज क्षेत्र में दिन के तापमान में 4.9 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गयी जबकि आयानगर, लोधी रोड और पालम में क्रमशः 3.6 डिग्री सेल्सियस, 3.7 डिग्री सेल्सियस और 3.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से चार डिग्री अधिक है।ताजा पूर्वानुमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, हल्की बारिश तथा 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। अगले दो दिन भी ऐसी स्थितियां बनी रहने का अनुमान है और 16 से 18 जून के बीच बारिश की उम्मीद है। आईएमडी के अनुमान के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 39 से41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 14 जून के बाद से भीषण गर्मी की उम्मीद नहीं है। अगले सप्ताह दक्षिण बंगाल की ओर बढ़ेगा मॉनसून आईएमडी ने दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले सप्ताह के मध्य तक पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के आसार के मद्देनजर के कई जिलों में भारी बारिश का शुक्रवार को पूर्वानुमान व्यक्त किया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 18 जून तक के अपने पूर्वानुमान में कहा कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियों और बंगाल की खाड़ी से भारी नमी उत्पन्न होने के कारण राज्य के कुछ जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। विभाग ने कहा कि 14 जून को उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में भारी से बहुत भारी स्तर की बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर बंगाल के अन्य जिलों में 18 जून तक भारी बारिश होने के आसार हैं।आईएमडी बुलेटिन में कहा गया है कि दक्षिण बंगाल के उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिम मिदनापुर, कोलकाता, हावड़ा, हुगली, झारग्राम, पुरुलिया, बीरभूम और पश्चिम बर्धमान जिलों में 14 जून से 18 जून के बीच भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। गुजरात और झारखंड का हाल गुजरात और हिंदी पट्टी के अन्य कृषि प्रधान राज्यों में 2025 का पूरा मानसून सामान्य से बेहतर रहने की संभावना है। गुजरात को अपने औसत से 106प्रतिशत, जबकि पंजाब और हरियाणा को 114–115 प्रतिशत बारिश मिलने की उम्मीद है। झारखंड में भी मॉनसून 16–18 जून के बीच पहुंचने की संभावना जताई गई है। हाल ही में रांची और जमशेदपुर में उमस की वजह से गर्मी ज्यादा महसूस हो रही थी, लेकिन आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम बारिश से राहत मिल सकती है। वीरेंद्र/ईएमएस/14जून2025