राष्ट्रीय
14-Jun-2025


मुंबई(ईएमएस)। महाराष्ट्र में आई बाढ़ और उससे हुए नुकसान को लेकर राज्य की सरकार काफी गंभीर है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अधिकारियों को बाढ़ नियंत्रण के उचित उपायों को लागू करने के बाद राज्य भर में बाढ़ क्षेत्र संबंधी दिशानिर्देशों का पुनर्मूल्यांकन करने और पुनर्परिभाषित करने का निर्देश दिया है। फडणवीस ने कहा कि मौजूदा सीमांकन उन क्षेत्रों में विकास गतिविधियों को रोक रहा है जहां दशकों से बाढ़ नहीं आई है। उन्होंने कहा कि, कई नदियों की बाढ़ रेखाएं पुरानी हो चुकी हैं और कई वर्षों से इनमें से कई क्षेत्रों में बाढ़ की घटनाएं नहीं होने के बावजूद विकास में बाधा बन रही हैं। जल संसाधन विभाग को नए सिरे से सर्वेक्षण करना चाहिए और बाढ़ नियंत्रण उपायों को लागू करने के बाद संशोधित दिशा-निर्देश सुझाने चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा, बाढ़ रेखा के पुराने सीमांकन के कारण विकास कार्य रुकावट का सामना कर रहे हैं। इसलिए बाढ़ नियंत्रण उपायों को सभी नदी तटों पर लागू किया जाना चाहिए और बाढ़ रेखाओं से संबंधित दिशा-निर्देशों को फिर से परिभाषित किया जाना चाहिए। वीरेंद्र/ईएमएस/14जून2025