राज्य
14-Jun-2025


गुरुग्राम (ईएमएस)। प्रिंस हत्याकांड मामले की जांच में लापरवाही बरतने और निर्दोष को फंसाने के आरोप में तत्कालीन रिटायर्ड एसीपी समेत चार पुलिसकर्मियों पर मुकदमा चलेगा। पंचकूला की स्पेशल सीबीआई कोर्ट ने शुक्रवार को चारों पुलिसकर्मियों को आरोपी मानते हुए यह आदेश दिया। विशेष सीबीआई अदालत ने आजीवन कारावास की धाराओं में पुलिस कर्मियों पर मुकदमा चलाने का आदेश दिया। चारों पुलिस कर्मियों को 15 जुलाई को अदालत में पेश होने के लिए सम्मन भी जारी किया गया। इसी दिन इनके खिलाफ आरोप तय किए जाएंगे। बता दें कि 8 वर्षीय प्रिंस की हत्या के बाद गुरुग्राम पुलिस ने स्कूल में कार्यरत बस कंडक्टर अशोक कुमार को आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने जांच के बाद अशोक को क्लीनचिट दी थी। साथ ही स्कूल में पढ़ने वाले 12वीं कक्षा के भोलू को आरोपी बताते हुए गिरफ्तार किया था। प्रिंस हत्याकांड में सीबीआई ने गुरुग्राम के रिटायर्ड डीएसपी/एसीपी सोहना बीरम सिंह, भोंडसी थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर) नरेंद्र खटाना, जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर शमशेर सिंह और एएसआई सुभाष चंद को आरोपी बनाते हुए साल 2021 में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की थी। चारों के खिलाफ मामला चलाने के लिए अनुमति मांगी थी, लेकिन सरकार ने इनकार कर दिया। डीएसपी बीरम सिंह और शमशेर सिंह अब रिटायर हो चुके हैं। इंस्पेक्टर रहे नरेंद्र खटाना पदोन्नत होकर डीएसपी बन गए हैं। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/14/जून/2025