- दूसरे दिन भी हज यात्रियों की वापसी जारी भोपाल (ईएमएस)। हज यात्रा 2025 से लौट रहे मध्यप्रदेश के यात्रियों की वापसी का सिलसिला जारी है। शनिवार सुबह करीब 5:46 बजे जेद्दाह से आई दूसरी फ्लाइट भोपाल एयरपोर्ट पर उतरी, जिसमें 109 हाजी सवार थे। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल रहे। राज्य हज समिति और जिला प्रशासन की ओर से यात्रियों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। इससे पहले शुक्रवार को पहली फ्लाइट भोपाल पहुंची थी, जिसमें 160 हाजियों की वापसी हुई थी। दो दिन में कुल 269 यात्री मक्का से हज यात्रा पूरी कर लौट चुके हैं। शनिवार को पहुंचे यात्रियों का एयरपोर्ट पर गुलदस्तों से स्वागत किया गया। परिजन, रिश्तेदार और समाजजन बड़ी संख्या में अपने अजीजों को लेने एयरपोर्ट पहुंचे। यात्रियों की सुविधा के लिए हज समिति ने पेयजल, व्हीलचेयर, दवा वितरण और अन्य जरूरी इंतजाम किए हैं। राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष रफत वारसी के अलावा वक्फ बोर्ड के अधिकारी और जिला प्रशासन के प्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहे। यात्रियों को हज की मुबारकबाद देते हुए कहा गया कि इस बार राज्य से 8,300 हाजी रवाना हुए थे। विनोद / 14 जून 25