मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई, ठाणे, कोंकण और पुणे समेत राज्य के कुछ जिलों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों में मुंबई और ठाणे जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। जबकि दो जिलों रायगढ़ और ठाणे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं आसमानी बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है। मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। कहा गया है कि अगले 24 घंटों में भारी बारिश होगी। साथ ही आसमानी बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान मौसम विभाग ने नागरिकों के लिए अहम निर्देश जारी किए हैं। मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि भारी बारिश के दौरान घाटों और तटीय इलाकों में यात्रा करने से बचना चाहिए, तूफान और बिजली गिरने के दौरान घर के अंदर ही रहें। पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें और अधिकारियों से प्राप्त निर्देशों का पालन करें। - पुणे में आंधी और तेज बरसात पुणे में कल से भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी जमा हो गया है। इससे यात्रा करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चांदनी चौक में भारी बारिश हुई। - सिल्लोड में आसमानी बिजली गिरने से चार लोगों की मौत छत्रपति संभाजी नगर के सिल्लोड में एक दुखद घटना घटी जहां आसमानी बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। इसमें एक महिला और तीन अन्य शामिल हैं। ये सभी बुवाई के लिए खेत में जा रहे थे। उस समय भारी बारिश हो रही थी। ये चारों आश्रय के लिए एक पेड़ के नीचे रुके थे। उसी समय आसमानी बिजली गिरी। इसमें इनकी मौत हो गई। वहीं चार जानवरों के भी मरने की खबर है। स्वेता/संतोष झा- १५ जून/२०२५/ईएमएस