राष्ट्रीय
15-Jun-2025
...


अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का सोमवार को उनके गृह नगर राजकोट में अंतिम संस्कार होगा| आज शाम तक उनका पार्थिव देह राजकोट ले जाया जाएगा| रूपाणी परिवार भी आज शाम तक गांधीनगर से राजकोट पहुंच जाएगा| बता दें कि 12 जून को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में विजय रूपाणी का निधन हो गया था| अब तक विजय रूपाणी के डीएनए के मिलान का इंतजार किया जा रहा था। बाद में राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि उनका डीएनए मिलान हो गया है। सुबह 11:10 बजे डीएनए सैंपल का मिलान हुआ। अब उनका पार्थिव शरीर आज शाम तक राजकोट ले जाया जाएगा। जानकारी के अनुसार, पार्थिव शरीर को राजकोट स्थित विजय रूपाणी के आवास प्रकाश सोसायटी ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। प्रकाश सोसायटी से रामनाथपारा श्मशान घाट तक अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार रामनाथ श्मशान घाट पर किया जाएगा। अंतिम संस्कार मार्ग को लेकर राजकोट पुलिस कमिश्नर की अधिसूचना के मुताबिक अंतिम संस्कार यात्रा से 1 घंटे पहले मार्ग पर वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। प्रकाश सोसायटी से रामनाथ परा तक का मार्ग वाहनों के लिए बंद रहेगा। सतीश/15 जून