बाले-भारत विश्व का पहला देश जहां कहा जाता है-भारत माता की जय जबलपुर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को जबलपुर के बेलखेड़ा से लाड़ली बहना योजना की जून की किस्त जारी की। एक करोड़ 27 लाख से ज्यादा लाड़ली बहनों को 1551.44 करोड़ रुपए की राशि उनके खाते में ट्रांसफर की। इसके अलावा 341 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि पेंशनधारियों के खाते में ट्रांसफर की। इस दौरान सीएम ने बेलखेड़ा में महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। राजस्व ऑफिस और उनके रुकने की व्यवस्था के लिए भवन की भी घोषणा की। सीएम ने कहा कि कोई अमेरिका माता की जय नहीं करता, कोई इंग्लैंड माता की जय नहीं करता, पर विश्व का पहला ऐसा देश भारत है। जहां पर भारत माता की जय कहा जाता है। बहनों का आशीर्वाद मिले, जिंदगी धन्य हो जाए। इससे बढक़र क्या चाहिए। हमारे यहां तो मातृ प्रधान शक्ति हजारों साल से बहनों को गौरवान्वित करता है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुझे यह कितनी सुंदर टोपी दी गई है, ऐसा लग रहा है कि बहनों की चमक मेरे सिर पर आ गई है। मैं दोनों हाथ जोड़ के प्रणाम करता आपका आशीर्वाद चाहता हूं। उन्होंने आगे कहा कि मैं अब इतनी बार जबलपुर आ चुका हूं कि लगता है कि यहीं पर अपना मकान बनवा लूं। कार्यक्रम में जबलपुर सांसद आशीष दुबे, बरगी विधानसभा से विधायक नीरज सिंह, कैंट विधानसभा से विधायक अशोक रोहाणी, पूर्व विधायक प्रतिभा सिंह, कलेक्टर दीपक सक्सेना, एसपी संपत उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही। 22 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन जबलपुर में सीएम ने 22 करोड़ 44 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया। इनमें 15 करोड़ 09 लाख रुपए की लागत से 5 निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 7 करोड़ 43 लाख रुपए के तीन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। यह कार्यक्रम 13 जून को होना था, लेकिन अहमदाबाद में विमान दुर्घटना के चलते कार्यक्रम निरस्त कर दिया था।
processing please wait...