राष्ट्रीय
18-Jun-2025


लुधियाना,(ईएमएस)। पंजाब में लुधियाना के वेस्ट हलके में उपचुनाव को लेकर 19 को वोटिंग होगी, जबकि काउंटिंग 23 जून को होगी। इससे पहले कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु की पुलिस कर्मचारियों के साथ हुई हाथापाई हो गई। इसका एक वीडियो सामने आया है। दरअसल, जवाहर नगर कैंप इलाके में कांग्रेसियों ने एक व्यक्ति को राशन बांटते हुए पकड़ा था। वह व्यक्ति अपनी स्कूटर छोड़ कर भाग निकाला। विवाद बढ़ने पर पुलिस पहुंची। सूचना मिलने पर कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु भी पहुंच गए, जहां उनकी पुलिस अधिकारियों के साथ जमकर कहा सुनी हुई। दोनों के बीच झड़प होने लगी। आशु ने आरोप लगाया कि पुलिस आप पार्टी के इशारे पर काम कर रही है। इस मामले की शिकायत उन्होंने चुनाव आयोग से भी की है। कांग्रेस नेता आशु ने कहा कि मुझे वर्करों ने बताया कि जिस लड़के ने 2 घंटे पहले आप का राशन और सूट बांट रहे लोगों को पकड़ा था, पुलिस उस लड़कों ही पकड़ने आ गई। मैं जब मौके पर पहुंचा तब उस युवक को पुलिस घसीट रही थी। मैंने पुलिस कमिश्नर को फोन किया। उनका कहना था कि मैं मामले को देखता हूं। कांग्रेस नेता राकेश कोचर ने कहा कि हमारे लड़कों ने आम आदमी पार्टी के वर्करों को राशन बांटते समय पकड़ा था। आज हमारे लड़के जवाहर नगर कैंप में कांग्रेस पार्टी दफ्तर बैठे थे। पुलिस वहीं पहुंच गई और हमारे दफ्तर का दरवाजा तोड़ कर अंदर बैठे युवकों को घसीट लिया। इस सूचना पर आशु भी मौके पर पहुंच गए थे। आप अपनी हार से बौखला गई है। कांग्रेस नेता आशु ने आरोप लगाया है कि लुधियाना के पुलिस कमिश्नर और उनके अधीनस्थ अधिकारी, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और स्थानीय पार्षदों को जानबूझकर निशाना बना रहे हैं। आशीष दुबे / 18 जून 2025