बदलापुर, (ईएमएस)। रविवार को मुंबई से 13 लोगों का दल पर्वतारोहण के लिए मुंबई से सटे कल्याण के मुरबाड तालुका के सिद्धगढ़ आया था। इनमें से 22 वर्षीय युवक साईराज चव्हाण किले से गिरकर घाटी में गिर गया। पिछले दो दिनों से उसकी तलाश की जा रही थी। आखिरकार मंगलवार को युवक का शव बरामद हुआ। पहाड़ से बह रहे पानी का तेज बहाव, बारिश, घना कोहरा और फिसलन भरी चट्टानें युवक की तलाश में बाधा बन रही थीं। दरअसल मुरबाड तालुका का सिद्धगढ़ मानसून के दौरान पर्वतारोहियों को आकर्षित करता है। इस कारण मुंबई के उपनगरों से बड़ी संख्या में पर्वतारोही यहां आते हैं। हालांकि जानकारी के अभाव, बदलते स्वरूप और मार्गदर्शन के अभाव में कई पर्यटक यहां भटक जाते हैं। कुछ पर्यटक अकेले जाने की हिम्मत करते हैं। ऐसे कुछ मामलों में पिछले कुछ सालों में पर्वतारोहियों की मौत की घटनाएं भी हुई हैं। इसके बावजूद भी यहां पर्वतारोहियों के आने का सिलसिला थम नहीं रहा है। सिद्धगढ़ में रविवार को मुंबई से 13 पर्यटकों का दल पर्वतारोहण के लिए आया था। इस दल में 22 वर्षीय साईराज चव्हाण भी शामिल था। रविवार को पर्वतारोहण के दौरान साईराज का संतुलन बिगड़ गया और वह किले पर स्थित गहरी खाई में गिर गया। तब से साईराज की तलाश की जा रही थी। सिद्धगढ़ क्षेत्र में पिछले दो-तीन दिनों से भारी बारिश हो रही है। इस बारिश के कारण साईराज की तलाश में कई बाधाएं आ रही थीं। साईराज की तलाश के लिए पर्वतारोहियों की कई टीमें पहुंची थीं। सोमवार को साईराज घाटी में मिला। हालांकि, सोमवार को उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। मंगलवार को फिर से साईराज के शव को निकालने के प्रयास किए गए। पहाड़ से बह रहे पानी का तेज बहाव, लगातार बारिश, घना कोहरा और फिसलन भरा रास्ता जैसी कई चुनौतियों का बचाव दल को सामना करना पड़ा। आखिरकार मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे साईराज चव्हाण का शव बरामद किया गया, इस बात की जानकारी मुरबाड तहसीलदार अभिजीत देशमुख ने दी। उन्होंने कहा कि शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना के बाद मुरबाद के तहसीलदार अभिजीत देशमुख ने पर्वतारोहियों से सतर्क रहने की अपील की है। देशमुख ने पर्वतारोहियों से खतरनाक जगहों पर जाते समय अपनी सुरक्षा का ख्याल रखने की भी अपील की है। गौरतलब है कि सिद्धगढ़ में हर साल ऐसी घटनाएं होती हैं, जिसे लेकर चिंता बनी रहती है। संतोष झा- १८ जून/२०२५/ईएमएस