अंतर्राष्ट्रीय
19-Jun-2025
...


वॉशिंगटन,(ईएमएस)। इजरायल और ईरान में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका का डूम्सडे प्लेन कहे जाने वाले सैन्य विमान ई-4बी ने उड़ान भरी है। यह जेट अमेरिका में उड़ान भरते हुए दिखाई दिया है। इससे वॉशिंगटन के जल्दी ही ईरान-इजरायल युद्ध में शामिल होने की अटकलें तेज हा गई हैं। ई-4बी नाइटवॉच एयरक्राफ्ट परमाणु हमले जैसे बड़े संकट के दौरान अमेरिका के शीर्ष सैन्य और राजनीतिक नेतृत्व को बचाने के लिए तैयार किया गया है। इस विमान का उड़ान भरना और आर्डर01 नाम के नए कॉलसाइन का उपयोग करने ने इन अटकलों को हवा दी है कि अमेरिका ईरान के खिलाफ लड़ाई में उतरने को तैयार है। ई-4बी नाइटवॉच ने अमेरिका के लुइसियाना में बार्क्सडेल एयरफोर्स बेस से उड़ान भरी और चार घंटे तक हवा में रहने के बाद रात 10 बजे के तुरंत बाद मैरीलैंड में जॉइंट बेस एंड्रयूज पर उतरा। इसके अलावा इस उड़ान में सामान्य आर्डर6 के बजाय एक नए कॉलसाइन आर्डर01 का इस्तेमाल हुआ, जिसका पहले कभी उपयोग नहीं हुआ है। इसके बाद सवाल है कि ईरान-इजरायल युद्ध में क्या कुछ भयावह होने जा रहा है। अमेरिकी जेट ई-4बी विमान नियमित रूप से ऑपरेशनल तैयारी की जांच के लिए उड़ान भरते रहते हैं लेकिन इस विशेष उड़ान का समय ध्यान खींच रहा है। विमान ने तब उड़ान भरी, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से बिना शर्त आत्मसमर्पण की मांग की है और इजरायल को लिए पूर्ण समर्थन का वादा कर दिया है। अमेरिका का ई-4बी डूम्सडे प्लेन (प्रलय का जेट) के नाम से मशहूर है। ई-4बी नाइटवॉच एक सुरक्षित मोबाइल कमांड सेंटर के रूप में काम करता है, जिसे परमाणु हमलों और इल्क्ट्रो मैग्नेट पल्स का सामना करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह जेट 67 सैटेलाइट डिश और एंटेना से लैस है, जो वैश्विक संचार को सक्षम बनाता है। यह आपात स्थिति में राष्ट्रपति, रक्षा सचिव और वरिष्ठ सैन्य नेताओं के लिए कनेक्टिविटी सुनिश्चित करता है। ई-4बी प्लेन में तीन डेक हैं, जिसमें एक ब्रीफिंग रूम, एक रणनीतिक सम्मेलन कक्ष, एक संचार क्षेत्र और आराम के लिए 18 बंक शामिल हैं। यह हवा में ईंधन भरने की क्षमता के कारण बिना उतरे 35 घंटे से अधिक समय तक हवा में रह सकता है। ई-4बी नाइटवॉच महत्वपूर्ण संकटों के दौरान सक्रिय रहा है। आशीष दुबे / 19 जून 2025