19-Jun-2025


अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में आज विधानसभा की दो सीटों पर उपचुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया| शाम 6 बजे तक राज्य की कड़ी विधानसभा क्षेत्र में 56 प्रतिशत और विसावदर निर्वाचन क्षेत्र में 57 प्रतिशत मतदान हुआ| 23 जून को उपचुनाव के नतीजे सामने आएंगे| उपचुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान प्रक्रिया को सुचारू एवं सरल बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए थे, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए हर मतदान केंद्र पर व्हीलचेयर और सहायक जैसी सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराई थीं। नतीजतन, दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं ने भी उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो लोकतंत्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मतदान संपन्न होने के बाद राजनीतिक दल अपनी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। दोनों ही जगहों पर आज मतदान को लेकर काफी उत्साह रहा। मतदाताओं ने वोट देकर अपना कर्तव्य पूरा किया है। इस उपचुनाव की तैयारियां काफी समय से चल रही थीं। चुनाव जीतने के लिए भाजपा, कांग्रेस और आप समेत सभी पार्टियों ने एडीचोटी का जोर लगा दिया| कुल मिलाकर, कडी और विसावदर दोनों सीटों पर मतदान प्रक्रिया बहुत शांतिपूर्ण रही, जिसमें मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता का प्रदर्शन किया। अब सबकी निगाहें 23 जून को होनेवाली मतगणना पर टिकी हैं, जिसमें इन सीटों के नतीजे घोषित किए जाएंगे। सतीश/19 जून