मनोरंजन
20-Jun-2025
...


मुंबई (ईएमएस)। मशहूर सिंगर सोना मोहपात्रा अपना 49वां जन्मदिन मना रही हैं। सोना को असली पहचान किसी फिल्मी गाने से नहीं, बल्कि एक टीवी कमर्शियल जिंगल से मिली थी। पास आओ ना नामक यह जिंगल इतना लोकप्रिय हुआ कि इसे 13 देशों में चार साल तक प्रसारित किया गया और 30 से अधिक भाषाओं में रिकॉर्ड किया गया। खुद सोना ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि यह इतना मशहूर हो जाएगा। सोना मोहपात्रा ने 2006 में बॉलीवुड में फिल्म ‘फैमिली’ से गायकी की शुरुआत की थी, लेकिन उनका पहला म्यूजिक एल्बम ‘सोना’ 2007 में आया। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों और म्यूजिक प्रोजेक्ट्स में अपनी अलग पहचान बनाई। आमिर खान की फिल्म ‘तलाश’ का गाना ‘जिया लगे ना’, ‘फुकरे’ का ‘अंबरसरिया’, और ‘देल्ली बेली’ का ‘बेदर्दी राजा’ जैसे गाने उनके करियर के माइलस्टोन बने। सोना मोहपात्रा को रियलिटी शो ‘सारेगामा’ की पहली फीमेल जज बनने का गौरव भी मिला। साथ ही उन्होंने फिल्म ‘जंबो’ में सोनू निगम के साथ ‘छाई मदहोशियां’ और ‘आई हेट लव स्टोरीज’ में श्रेया घोषाल के साथ ‘बहारा’ जैसे गाने गाए, जिनमें लोक संगीत की झलक देखने को मिली। सिर्फ गायकी ही नहीं, बल्कि अपने बेबाक बयानों और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बोलने के लिए भी सोना सुर्खियों में रही हैं। कई बार वे ट्रोलिंग और विवादों का भी सामना कर चुकी हैं, लेकिन उन्होंने कभी पीछे हटना नहीं सीखा। अपने निजी जीवन में सोना ने संगीतकार राम संपत को जीवनसाथी चुना। दोनों ने मिलकर कई म्यूजिक प्रोजेक्ट्स पर साथ काम किया है। सोना का मानना है कि राम से मिलना उनके जीवन का एक अहम मोड़ था और वे उन्हें अपना सबसे मजबूत रचनात्मक साथी मानती हैं। सुदामा/ईएमएस 20 जून 2025