21-Jun-2025
...


* राजभवन में उत्साह के साथ मनाया गया 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस : राज्यपाल की प्रेरक उपस्थिति में योगाभ्यास गांधीनगर (ईएमएस)| राजभवन, गांधीनगर में आज 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत की प्रेरणादायी उपस्थिति में राजभवन परिवार के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का तरीका नहीं है, बल्कि यह मन, हृदय और आत्मा को एकाग्र करके हमें परम लक्ष्य मोक्ष की ओर ले जाने वाला मार्ग है। यम, नियम, आसन, प्राणायाम आदि योग के घटक हैं और जो लोग योग को अपने जीवन का नियमित हिस्सा बनाते हैं, वे न केवल जीवन में स्वास्थ्य और खुशी प्राप्त करते हैं, बल्कि आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग भी प्रशस्त करते हैं। राज्यपाल ने कहा कि मानव जीवन में यदि सबसे मूल्यवान कोई चीज है तो वह है हमारा स्वास्थ्य। शरीर के माध्यम से ही हम जीवन में अनेक कार्य कर पाते हैं तथा समाज, परिवार और राष्ट्र से जुड़ पाते हैं। जब शरीर ही हमारा साथ नहीं देता तो सारे रिश्ते भी खत्म हो जाते हैं। इसीलिए हमारे धर्म शास्त्रों में कहा गया है - शरीरमाद्यं खलु धर्म साधनम्, अर्थात यह शरीर ही समस्त धार्मिक कर्मों एवं कल्याणकारी कार्यों का प्रमुख साधन है। योग के वैश्विक प्रसार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भूमिका के बारे में राज्यपाल ने कहा कि आज से 11 वर्ष पूर्व भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया था। आज योग को विश्व के लगभग सभी देशों में अपनाया जा चुका है। योग भारत की सांस्कृतिक शक्ति का वैश्विक विस्तार है। राज्यपाल आचार्य देवव्रत जी ने योग दिवस के अवसर पर राजभवन परिवार के सदस्यों को शुभकामनाएं दीं तथा जीवन में स्वास्थ्य के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। योगाभ्यास के बाद राज्यपाल ने सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई। योगाभ्यास का मार्गदर्शन गांधीनगर के प्रसिद्ध योग शिक्षक अश्विनभाई दवे ने किया। वे पिछले 27 वर्षों से गांधीनगर में योगाभ्यास और प्रशिक्षण देकर समाज की सेवा कर रहे हैं। अब तक वे 25,000 से अधिक लोगों को योग सिखा चुके हैं। समारोह के अंत में राज्यपाल ने राजभवन परिवार की ओर से योग शिक्षक अश्विन दवे को सम्मानित किया तथा योग के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और उनकी निरंतर सेवा भावना की सराहना की। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रधान सचिव अशोक शर्मा, कार्यवाहक सहायक लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, गृह निदेशक अमित जोशी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया। सतीश/21 जून