ग्वालियर ( ईएमएस ) । मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मान. श्री जीतू पटवारी जी के निर्देशानुसार मप्र कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे प्रदेश स्तरीय संविधान सत्याग्रह अभियान की तैयारियों को लेकर कांग्रेस भवन शिंदे की छावनी पर मप्रकांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के अध्यक्ष श्री मुकेश नायक जी के मुख्यातिथ्य एवं शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा की अध्यक्षता एवं पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव, विधायक साहब सिंह गुर्जर, विधायक सुरेश राजे की उपस्थिती में शहर जिला कांग्रेस साधारण सभा की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए मप्र कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के अध्यक्ष श्री मुकेश नायक जी ने कहा कि आज हम सब एक बहुत ही महत्वपूर्ण उद्देश्य को लेकर यहाँ एकत्रित हुए हैं, वह है बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की मूर्ति की स्थापना की मांग को लेकर संविधान सत्याग्रह को सफल बनाना और इस महान अभियान को जन-जन तक पहुँचाना। बाबा साहब न केवल भारत के संविधान निर्माता थे, बल्कि वे समाज सुधारक, मानवाधिकारों के प्रहरी, और वंचितों के मसीहा थे। उन्होंने हमें एक ऐसा संविधान दिया, जिसमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के मूल्य संजोए गए हैं। उस महान आत्मा को न्यायपालिका के सबसे ऊँचे मंदिर ग्वालियर उच्च न्यायालय परिसर में स्थान मिलना सिर्फ एक सम्मान की बात नहीं, बल्कि यह एक संवैधानिक कर्तव्य है। बैठक को संबोधित करतेे हुए शहर जिला कंाग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा ने कहा कि जब हम बाबा साहब की मूर्ति लगाने की बात करते हैं, तो यह केवल एक मूर्ति नहीं है यह संविधान की आत्मा का सम्मान है। यह उस संघर्ष की याद दिलाती है, जो उन्होंने जाति, भेदभाव और असमानता के खिलाफ लड़ा। यदि न्याय के मंदिर में बाबा साहब की प्रतिमा नहीं है, तो वह मंदिर अधूरा है। हमारा यह संविधान सत्याग्रह आंदोलन सत्य, अहिंसा और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित है, जैसा कि बाबा साहब और महात्मा गांधी दोनों ने हमें सिखाया। यह आंदोलन कोई विरोध नहीं, बल्कि यह संवैधानिक चेतना का जागरण है। सभी कांग्रेसजन इस आंदोलन को जन आंदोलन बनाएँ। हर मोहल्ले, हर वार्ड, हर गाँव में जाकर लोगों को बताएं कि यह केवल एक मूर्ति की मांग नहीं है, यह संविधान की गरिमा और सामाजिक न्याय की पुनर्स्थापना की माँग है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा बाबा साहब के विचारों को सम्मान दिया है। आज फिर हम उसी विचार को जनमानस में लेकर जा रहे हैं। आइए, हम सब मिलकर शांतिपूर्ण ढंग से, पूरे अनुशासन और आत्मबल के साथ इस संविधान सत्याग्रह को ऐतिहासिक बनाएं। बैठक में प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, प्रदेश सचिव राहुल शर्मा, दशरथ सिंह गुर्जर, प्रदेश प्रवक्ता धर्मेन्द्र शर्मा, आर.पी. सिंह, राज पांडे, अम्विका शर्मा, संगठन प्रभारी महाराज सिंह पटेल, वीर सिंह तौमर, संजय सिंह राठौर, हेवरन सिंह कंसाना, , सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित थे।