23-Jun-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले दो दिनों में उत्तर भारत के कई राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आने का अनुमान जताया है। दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में मानसून की संभावना जताई गई है। आईएमडी ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) मानसून को लेकर रविवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो दिनों में उत्तर भारत के कई राज्यों में पहुंच सकता है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा के कुछ हिस्सों में मानसून आने वाले दो दिनो में पहुंच सकता है। इसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, और जम्मू और कश्मीर में भी मानसून पहुंचने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने यह भी कहा कि 24 जून तक इन राज्यों में मानसून आ सकता है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों, पूरे लद्दाख और कश्मीर, जम्मू के ज्यादातर हिस्सों और पंजाब के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ रहा है। वहीं कई राज्यों में मानसून आगे बढ़ गया है। वहीं आने वाले दिनों में दिल्ली में हल्की से मध्य बारिश होने से लोगों को राहत मिलेगी। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जोकि औसत से 1.3 डिग्री कम है। आईएमडी ने दिल्ली में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अजीत झा/ देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/23/जून/2025