राज्य
01-Jul-2025


अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात पुलिस प्रमुख विकास सहाय को आखिरकार 6 महीने का सेवा विस्तार दे दिया गया है। विकास सहाय 31 दिसंबर 2025 तक डीजीपी के पद पर बने रहेंगे। विकास सहाय 30 जून को सेवा निवृत्त होनेवाले थे और गुजरात पुलिस भवन में उनकी बिदाई के लिए तैयारियां भी कर ली गई थीं| लेकिन अंतिम क्षण में राज्य सरकार ने विकास सहाय का 6 महीने का सेवा विस्तार का निर्णय कर लिया| राज्य सरकार के इस निर्णय के बाद अब विकास सहाय 31 दिसंबर 2025 तक गुजरात महानिदेशक पद पर बने रहेंगे| विकास सहाय राज्य के तीसरे डीजीपी हैं, जिनका सेवा विस्तार किया गया है| इससे पहले राज्य सरकार की गुड बुक में नाम रखने वाले और सख्त छवि वाले आईपीएस शिवानंद झा लंबे समय तक डीजीपी रहे। कोरोना के समय वे राज्य के स्थायी पुलिस प्रमुख थे। उस समय उन्हें एक्सटेंशन दिया गया था। उन्होंने कोरोना काल में पुलिस को मुस्तैद रखा और हर जिले और शहर के अफसरों से काम करवाया। शिवानंद झा के बाद आईपीएस आशीष भाटिया को डीजीपी बनाया गया। इस दौरान उन्हें भी दो साल से कम का कार्यकाल मिला। फिर नई गाइडलाइन के अनुसार उन्हें 2 साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद एक्सटेंशन भी दे दिया गया। अब विकास सहाय सेवा विस्तार पाने वाले तीसरे डीजीपी बन गए हैं। सतीश/01 जुलाई