- सेंसेक्स 225 अंक बढ़कर 83,922 पर, निफ्टी 25,600 पर मुंबई (ईएमएस)। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों से बुधवार को भारतीय शेयर बाजार हरे निशान में खुला। शुरुआती कारोबार में आईटी और ऑटो सेक्टर में खरीदारी देखी गई। सेंसेक्स 225.5 अंक बढ़कर 83,922.79 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 58.75 अंक बढ़कर 25,600.55 पर कारोबार कर रहा था। विश्लेषकों के अनुसार 24,500-25,000 की रेंज को ब्रेक करने के बाद निफ्टी 25,200-25,800 की नई रेंज में चला गया है। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच संभावित व्यापार समझौते के बारे में सकारात्मक खबर रेंज की अपर लिमिट को ब्रेक करने में मदद कर सकती है, लेकिन निफ्टी को लंबे समय तक उच्च स्तर पर बनाए रखना मुश्किल होगा। शुरुआती कारोबार में निफ्टी बैंक 45.20 अंक की गिरावट के साथ 57,414.25 पर था। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 59.20 अंक की बढ़त के साथ 59,809.25 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 26.40 अंक की बढ़त के साथ 19,082.10 पर कारोबार कर रहा था। सेंसेक्स पैक में इंफोसिस, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक और अदाणी पोर्ट्स टॉप गेनर्स रहे। जबकि, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक, बीईएल और इटरनल टॉप लूजर्स रहे। वहीं एशियाई बाजारों में बैंकॉक, चीन, जापान, सोल और जकार्ता लाल निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि केवल हांगकांग हरे निशान में कारोबार कर रहा था। पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिका में डाउ जोंस 400.17 अंक की बढ़त के साथ 44,494.94 पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 इंडेक्स 6.90 अंक की गिरावट के साथ 6,198.05 पर बंद हुआ और नैस्डैक 166.85 अंक की गिरावट के साथ 20,202.89 पर बंद हुआ। सतीश मोरे/02जुलाई ---