केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री डॉ. यादव, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष व नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष, एवं राज्य निर्वाचन अधिकारी शेजवलकर ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित - निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुनकर कार्यकर्ताओं ने विशिष्ट परंपरा को और पुष्ट किया - हम सब मिलकर समर्पित, संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी संगठन की रचना करेंगे - धर्मेंद्र प्रधान - मध्यप्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ें - भाजपा कार्यकर्ताओं में ‘तुम‘ नही ‘हम‘ की भावना, यही संगठन की बड़ी ताकत - डॉ. मोहन यादव - आदर्श विधायक की भूमिका निभाई, अब संगठन को और आगे ले जाएंगे हेमंत खंडेलवाल - नए प्रदेश अध्यक्ष के दिमाग में चलती रहती हैं विकास की योजनाएं - शिवराज सिंह चौहान - संगठन कार्यों में मध्यप्रदेश को आदर्श राज्य बनाने में एक-एक कार्यकर्ता का अहम योगदान - मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रदेश को और आगे ले जाने संकल्प लें कार्यकर्ता - विष्णुदत्त शर्मा - पितृपुरूषों एवं कार्यकर्ताओं के त्याग एवं तपस्या से सिंचित संगठन है भाजपा - अंतिम व्यक्ति की सेवा का विचार और राष्ट्रवादी भाव ही हमारा अटल संकल्प - डबल इंजन की सरकार के विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचायेंगे कार्यकर्ता - हेमंत खंडेलवाल भोपाल (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के निर्वाचन अधिकारी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विधायक हेमंत खंडेलवाल को नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। साथ ही राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के निर्वाचन की घोषणा की गई। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विधायक हेमंत खंडेलवाल को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनके निर्वाचन का प्रमाण-पत्र सौंपकर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सभी को साथ लेकर चलते हुए पार्टी संगठन को मजबूती देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संगठन पर्व के एक चरण के समापन के बाद अब हम सभी म.प्र. को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ें। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विकास की योजनाएं हेमंत खंडेलवाल के दिमाग में चलती रहती हैं। सीएम राइज स्कूल योजना में हेमंत खंडेलवाल के सुझाव भी शामिल थे। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को और आगे ले जाने सभी कार्यकर्ता संकल्प लें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि हमारा संगठन पितृपुरूषों, कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और बलिदान से सिंचित है। अंतिम व्यक्ति की सेवा का विचार और राष्ट्रवादी भाव ही हमारा अटल संकल्प है। कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी को और बुलंदियों पर ले जाएंगे। पार्टी के राज्य निर्वाचन अधिकारी विवेक नारायण शेजवलकर ने संगठन पर्व में हासिल उपलब्धियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के उपरांत नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर वरिष्ठ नेताओं के समक्ष पदभार ग्रहण किया। निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुनकर कार्यकर्ताओं ने स्थापित की नई परंपरा- धर्मेंद्र प्रधान कार्यक्रम में संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के निर्वाचन अधिकारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि आप सभी ने हेमंत खंडेलवाल को निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुनकर मध्यप्रदेश के संगठन पर्व में एक नया अध्याय जोड़ा है, परंपरा को पुष्ट किया है, जिसके लिए सभी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं को धन्यवाद देता हूं। प्रधान ने कहा कि मैं हेमंत खंडेलवाल जी को काफी समय से जानता हूं और एक जनप्रतिनिधि के रूप में उन्हें काम करते हुए देखा है। सहज, मृदुभाषी, गंभीर और संगठन की जड़ों तक पहुंचकर काम करने वाले हेमंत खंडेलवाल प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सभी को साधते हुए, सभी को साथ लेकर संगठन का खूंटा पूरी मजबूती के साथ गाड़ेंगे, ऐसा मेरा विश्वास है। श्री प्रधान ने कहा कि 50 के दशक में जनसंघ के रूप में शुरू हुई भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया के सबसे बड़े और ताकतवर संगठन का रूप ले चुकी है। पहले श्रद्धेय अटल जी के नेतृत्व में हमें देश में सरकार चलाने का अवसर मिला और विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के कई कीर्तिमान बने। पिछले 11 सालों से दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार जनता की सेवा का कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश में भी लंबे समय से हम सत्ता में रहकर बीमारू राज्य से विकसित प्रदेश बनाया है। वर्तमान में हमारी शासन प्रणाली डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में काम कर रही है। केंद्र और राज्य में हमें इतने लंबे समय तक जनता की सेवा करने का अवसर मिला, इसके पीछे पार्टी कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता और परिश्रम है। श्री प्रधान ने कहा कि हमारा जो भी दायित्व है, वह इसलिए नहीं है कि कुछ लोग जनप्रतिनिधि बन जाएं, या कुछ और लोग पार्टी कार्यकर्ता बन जाएं। हमारा दायित्व इसलिए है कि हम लंबे समय तक मध्यप्रदेश की 8.5 करोड़ जनता की सेवा कर सकें और सुशासन को उसकी पराकाष्ठा तक पहुंचाएं। मुझे पूरा विश्वास है कि हेमंत खंडेलवाल प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सभी के साथ मिलकर ऐसे समर्पित, संवेदनशील और जनकल्याणकारी संगठन की रचना करेंगे। श्री प्रधान ने कहा कि कल रात तक हेमंत खंडेलवाल के अलावा किसी और उम्मीदवार का नामांकन नहीं आना यह बताता है कि सभी के मन में बस एक ही नाम था और वो हेमंत खंडेलवाल का था। ‘हम’ की भावना से बढ़ती है हमारी ताकत- डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय परिषद सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता इस भाव से काम नहीं करता कि मैं राजनीति में काम कर रहा हूं। वह क्षेत्र के विकास और भारत माता की सेवा के लिए काम करता है। अपनी भूमिका को कैसे और आगे बढ़ाऊं, अपनी कमजोरियों को दूर कर किस तरह अच्छाईयों को धारण करूं। इसी भावना के साथ हमारी निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हो गई और किसी को पता नहीं चला। हमारे बीच ‘तुम’ नहीं, ‘हम’ की भावना है और इसी से हमारी ताकत बढ़ती है। डॉ. यादव ने कहा कि हमारे संगठन पर्व का एक चरण पूरा हो गया है, लेकिन हम सभी यह संकल्प लें कि अपने-अपने दायित्व का निर्वाह करते हुए मध्यप्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए आगे बढ़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी संगठन प्रक्रिया बड़ी सहजता के साथ संपन्न हुई, लेकिन चुनौतियां अभी भी हमारे सामने हैं। हमारे विरोधी षडयंत्र पर षडयंत्र रच रहे हैं और इन षडयंत्रों के बलबूते पर अपने मंसूबों को पूरा करना चाहते हैं। जिन्होंने संविधान की हत्या की, वो संविधान हाथों में लेकर जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रहे हैं। अपने आपको कानून से भी ऊपर मानकर चलते हैं। जिन्होंने जीवन भर बाबा साहब अंबेडकर को अपमानित करने का काम किया, वो उनके नाम पर वोट बटोरने की साजिश रच रहे हैं। डॉ. यादव ने कहा कि ऐसे संकटों से हम 1951 से निपटते आए हैं और आज भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। हम जो राजनीति करते हैं, वो देश की जड़ों से जुड़कर करते हैं। डॉ. यादव ने सनातन संस्कृति का उदाहरण देते हुए कहा कि इसका वृक्ष, फल-फूल, पत्तियां सब नीचे हैं और जड़ें आसमान में हैं। इसलिए दुनिया के अनेक देशों की संस्कृति मिट गई या बदल गई, लेकिन हमारी संस्कृति आज भी कायम है। प्रधानमंत्री जी के मूल मंत्रों के साथ संगठन को आगे ले जाएंगे नए प्रदेश अध्यक्ष-शिवराज सिंह चौहान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान अभूतपूर्व काम किया है। निकाय चुनावों से लेकर विधानसभा-लोकसभा चुनावों में बड़ी सफलता अर्जित करने में बड़ी भूमिका अदा की। नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल ने हमेशा पार्टी के कार्यकर्ता के तौर पर पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया और पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा लगे रहे। उन्हें जो कार्य दिया गया उन्होंने उसे सही ढंग से संपादित किया। अब आने वाले समय में चुनौतियां बढ़ी हैं, लेकिन हेमंत खंडेलवाल चुनौतियों का सामना कर सफलता प्राप्त करने के लिए जाने जाते हैं, आगे भी उनका यह सिलसिला जारी रहेगा। जब मैं मुख्यमंत्री था तब एक आदर्श विधायक का उदाहरण हेमंत खंडेलवाल ने प्रस्तुत किया और बैतूल के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी। हेमंत खंडेलवाल के दिमाग में नई-नई योजनाएं चलती रहती हैं। जब मैं स्कूली शिक्षा के लिए सीएम राइज योजना लेकर आया तो उसके पहले खंडेलवाल के साथ भी चर्चा हुई थी, उन्होंने कई सुझाव दिए जिन्हें शामिल किया गया। उन्होंने कहा सन 2014 में भारतीय राजनीति में एक नया उदय हुआ, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की कमान संभाली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकसित भारत के संकल्प के साथ देश को वैभवशाली और गौरवशाली बनाकर दुनिया में भारत का डंका बजा रहे हैं। श्री मोदी का सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास का मूल मंत्र देश के सभी वर्गों और क्षेत्रों के विकास के साथ रोज नया इतिहास लिख रहा है। हेमंत खंडेलवाल भी प्रधानमंत्री जी के इस मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ेंगे तो आने वाले चुनावों में पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों से ज्यादा मत भाजपा को मिलेगा और प्रदेश की जनता का साथ पार्टी को मिलता रहेगा। श्रद्धेय ठाकरे जी के पदचिन्हों पर चलकर सामूहिकता की भावना से इतिहास बनाया-विष्णुदत्त शर्मा भारतीय जनता पार्टी के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश का संगठन आदर्श है। आदर्श राज्य बनने में जनसंघ से लेकर भाजपा की कई पीढ़ियां खपी हैं। इसमें एक-एक कार्यकर्ता का अहम योगदान है। श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे के पदचिन्हों पर चलते हुए सामूहिकता की भावना से कार्यकर्ताओं ने इतिहास बनाया है। मध्यप्रदेश के 62 संगठनात्मक जिलों में 1313 मंडल के 65014 बूथों में से 99.9 प्रतिशत बूथ समितियों का गठन कर डिजिटली बूथ एनरोल्ड कर पार्टी ने देश में इतिहास बनाने का कार्य किया है। आज मैं सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को और आगे ले जाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश में संगठन पर्व संपन्न हो गया है। मुझे इस बात का बहुत गर्व है कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ संगठन पर्व को पूरा कराया। यह वह मध्यप्रदेश है जिसे श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता श्रीमती विजयाराजे सिंधिया, स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा, स्वर्गीय कैलाश जोशी से लेकर यहां उपस्थित सभी वरिष्ठ नेतृत्व ने मिलकर गढ़ा है। संगठन तंत्र की शक्ति ही वैभव का चित्र सजाती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के मार्गदर्शन में पूरे मध्यप्रदेश के 41 लाख कार्यकर्ताओं को डिजिटली एनरोल्ड कर गांव-गांव तक संगठन को मजबूत किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 2023 के विधानसभा चुनाव में 50 प्रतिशत से ऊपर मत प्राप्त करने का जो लक्ष्य हमें दिया था, उसके आधार पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अथक मेहनत व परिश्रम किया और विधानसभा चुनाव में भाजपा को मध्यप्रदेश में 49 प्रतिशत और लोकसभा में 59 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त किया, यह सामूहिकता के साथ संगठन तंत्र की मजबूती से संभव हुआ है। आप सभी ने मेरे जैसे कार्यकर्ता को गढ़ा और ताकत दी कि प्रदेश अध्यक्ष जैसे पद की भूमिका का निर्वहन कर सका। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में आज मध्यप्रदेश द्रुत गति से विकास में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में हम सभी कार्यकर्ता मध्यप्रदेश को आदर्श संगठन से और आगे ले जाने का कार्य करेंगे। कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ डॉ. मुखर्जी व दीनदयाल जी के सपने को आगे बढ़ाना है-हेमंत खंडेलवाल भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत के कारण पार्टी का मध्यप्रदेश संगठन पूरे देश में आदर्श बनकर उभरा है। हमारा संगठन पितृपुरूषों, कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और बलिदान से सिंचित है। अंतिम व्यक्ति की सेवा का विचार और राष्ट्रवादी भाव ही हमारा अटल संकल्प है। हम पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी संगठन को और ऊंची बुलंदियों पर ले जाएंगे। मेरा पूरा प्रयास रहेगा कि पार्टी के हर कार्यकर्ता के सम्मान में कोई कमी न आए। मैं भी सामान्य कार्यकर्ता हूं। भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं को क्षमता और योग्यता के आधार पर दायित्व सौंपता है। भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने संगठन को बहुत आगे ले जाने का कार्य किया है। हम सभी कार्यकर्ता सौभाग्यशाली हैं, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे बड़ी शक्ति बनकर विश्व गुरू बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि आप सभी ने मुझे जो पद सौंपा है, वह पद नहीं एक दायित्व है। पार्टी के पूर्ववर्ती प्रदेश अध्यक्षों ने संगठन को मजबूत करने का कार्य किया है। पहले जनसंघ, फिर भाजपा संगठन को श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे, श्रद्धेय सुंदरलाल पटवा, श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी और राजमाता श्रीमती विजयराजे सिंधिया मध्यप्रदेश की माटी से थे, जिन्होंने भाजपा को शिखर तक पहुंचाने का कार्य किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मेरा परिवार पिछले 100 साल से कांग्रेस के विरोध में अपना झंडा बुलंद करता रहा है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय ने जो सपना देखा था, उसे आगे लेकर हमें चलना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में हम लोगों को लगातार संगठन को मजबूत बनाना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास की एक नई परिभाषा लिख रहा है। आम जनता से जुड़कर जनहितैषी व कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जो विकसित मध्यप्रदेश की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि आज समाज भारतीय जनता पार्टी को सम्मान की दृष्टि से देखता है। हम सभी मिलकर सांसद विष्णुदत्त शर्मा द्वारा लिखी इबारत को आगे ले जाने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किए गए हर विकास कार्य को हमारे कार्यकर्ता नीचे तक उतारने का काम करेंगे। राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन व सहयोग से सत्ता-संगठन के बीच समन्वय बनाकर चलेंगे। मैं यहां उपस्थित केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व एवं देवदुर्लभ कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करता हॅू एवं आशा करता हॅू कि आपका आशीर्वाद व सहयोग मुझे मिलता रहेगा। मेरा हम समय यह प्रयास रहेगा कि किसी भी कार्यकर्ता का मान सम्मान कम ना हो, भारतीय जनता पार्टी का झंडा हमेशा बुलंद रहे और हम ऊंचाइयों पर पहुंचे। आप सभी के सहयोग से मैंने अपने दायित्व का निर्वाहन किया -विवेक शेजवलकर भाजपा के राज्य निर्वाचन अधिकारी विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर 2 सितम्बर, 2024 को जिस संगठन पर्व की शुरुआत की थी, वह पर्व आज नए प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के साथ संपन्न हो रहा है। मुझे बहुत खुशी है कि इस अभियान के दौरान हमने प्रदेश में 1.73 करोड़ से अधिक नए सदस्य बनाए। आप सभी के सहयोग से 65014 बूथों में से 64468 बूथ समितियों का गठन हुआ। 1313 मंडलों में से 1101 मंडलों का गठन हुआ और सभी 62 संगठनात्मक जिलों में जिला अध्यक्ष के चुनाव हुए। नए प्रदेश अध्यक्ष एवं 44 राष्ट्रीय परिषद सदस्यों का चुनाव किया है। उन्होंने कहा कि जब मुझे प्रदेश चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया था, तब मैंने कहा था कि यह जिम्मेदारी मेरी योग्यता देखकर नहीं, अपितु आप सभी कार्यकर्ताओं की योग्यता पर विश्वास के चलते सौंपी गई है। आप सभी के सहयोग से इस दायित्व का निर्वाह संभव हुआ है, जिसके लिए आप सभी को बहुत-बहुत धन्यवाद और नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का संभाला पदभार भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के पश्चात महापुरूषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। तत्पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, संसदीय बोर्ड के सदस्य सत्यनारायण जटिया, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद की उपस्थिति में पूजन-अर्चन कर पदभार ग्रहण किया। प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल ने पदभार संभालने के बाद पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के साथ सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने किया। इस दौरान मंच पर राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी, पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक सुश्री सरोज पाण्डेय, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ. सत्यनारायण जटिया, वरिष्ठ नेता कप्तान सिंह सोलंकी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी, केन्द्रीय मंत्री डीडी उइके, श्रीमती सावित्री ठाकुर, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवडा, राजेन्द्र शुक्ल, प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल, अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम वर्मा, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया, पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी, पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, वरिष्ठ नेता कृष्णमुरारी मोघे, माखन सिंह चौहान, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, डॉ. नरोत्तम मिश्रा एवं भूपेन्द्र सिंह मंचासीन रहे। हरि प्रसाद पाल / 02 जुलाई, 2025