राष्ट्रीय
07-Jul-2025


नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारत के चीफ जस्टिस बी आर गवई ने प्रख्यात न्यायविद न्यायमूर्ति वी आर कृष्ण अय्यर द्वारा मृत्युदंड के खिलाफ अपनाए कड़े रुख को याद किया। सीजेआई गवई ने रविवार को न्यायमूर्ति अय्यर के योगदान पर यहां एक स्मृति व्याख्यान देते हुए जनहित के मुद्दे उठाने वाले एक वकील से लेकर एक मंत्री और एक न्यायाधीश तक, विभिन्न स्तरों पर उनकी भूमिका को याद किया। गवई ने कहा कि न्यायमूर्ति अय्यर गरीबों और वंचितों के हितों के लिए हमेशा खड़े रहे और वे आजीवन मानवाधिकारों के समर्थक, सामाजिक न्याय के योद्धा और नागरिक स्वतंत्रता के पक्षधर रहे। उन्होंने कहा कि जीवन के अधिकार और सामाजिक-आर्थिक अधिकारों के बीच संबंध पर न्यायमूर्ति अय्यर का दृष्टिकोण पहली बार मृत्युदंड खत्म करने पर उनके विचार के जरिए प्रकट हुआ। सीजेआई गवई ने एक वकील और एक न्यायाधीश के रूप में अपने कानूनी करियर पर न्यायमूर्ति अय्यर के प्रभाव का भी विस्तार से उल्लेख किया। सिराज/ईएमएस 07जुलाई25