-अधिकारियों को पाकिस्तानी नाव होने का शक रायगढ़,(ईएमएस)। पुलिस और समुद्री सुरक्षा एजेंसियों ने महाराष्ट्र में रायगढ़ जिले के रेवदांडा तट के पास एक संदिग्ध नाव की तलाश ली, जिसे संभवत: मछली पकड़ने वाली पाकिस्तानी नौका बताया जा रहा है। मीडिया के मुताबिक अधिकारियों ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि रविवार रात को भारतीय नौसेना के रडार पर यह नाव रेवदांडा में कोरलाई तट से करीब दो समुद्री मील दूर दिखी थी। उन्होंने बताया कि यह मछली पकड़ने वाली पाकिस्तानी नौका है, लेकिन नाव का पता लगाने के बाद ही इसकी पहचान और अन्य विवरणों की पुष्टि होगी। अधिकारी ने पहले बताया था कि ऐसा शक है कि नाव बहकर रायगढ़ तट तक आ गई। नाव देखे जाने के बाद रायगढ़ तट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद रायगढ़ पुलिस, बम निरोधक दस्ते, त्वरित प्रतिक्रिया बल, नौसेना और तटरक्षक बल के जवान रात को मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान चलाया। भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते रात में नाव तक पहुंचने में कठिनाई हुई। रिपोर्ट में अधिकारी ने बताया कि रायगढ़ की एसपी निगरानी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ तट पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि एसपी ने खुद एक नौका के जरिए संदिग्ध नाव तक पहुंचने की कोशिश की लेकिन खराब मौसम के कारण उन्हें लौटना पड़ा। उन्होंने बताया कि इलाके में भारी पुलिस दल तैनात है और एहतियातन तौर पर जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बता दें नवंबर 2008 में भारी हथियारों से लैस 10 आतंकवादी अंधेरे की आड़ में पाकिस्तान की ओर से समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचे थे और उन्होंने तीन दिन तक मुंबई में तबाही मचाई थी। इस भयावह आतंकवादी हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी और कई घायल हुए थे। सिराज/ईएमएस 07जुलाई25