वॉशिंगटन (ईएमएस)। अमेरिका के टेक्सास राज्य में ग्वाडालूप नदी में अचानक आई बाढ़ से 80 लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लापता हैं। नदी के पास लड़कियों का एक समर कैंप था, जो बाढ़ की चपेट में आ गया। हालांकि कैंप में मौजूद 750 लड़कियों को बचाया गया। टेक्सास के कई इलाकों में अभी भी हालात सामान्य नहीं हुए हैं। मौसम विभाग ने बाढ़ की चेतावनी देकर ग्वाडालूप नदी के किनारे रहने वाले लोगों से ऊंची जगह जाने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि टेक्सास के सैन एंटोनियो से करीब 5 इंच (38 सेमी) तक बारिश हुई। महज 45 मिनट में नदी का लेवल 26 फीट (8 मीटर) बढ़ गया, जिससे घर और गाड़ियां बह गईं। हेलिकॉप्टर और ड्रोन से अभी लोगों की तलाश जारी है। पीएम मोदी ने भी शनिवार को बाढ़ में मारे गए बच्चों की मौत पर दुख जताकर पीड़ित परिवारों के लिए संवेदनाएं व्यक्त की। सेंट पीटर्स स्क्वायर में अपने संबोधन के दौरान पोप लियो ने टेक्सास में ग्वाडालूप नदी में आई बाढ़ के पीड़ितों के लिए प्रार्थना की। उन्होंने खासकर समर कैंप में गई लड़कियों के परिवारों के लिए प्रार्थना की। पोप ने अंग्रेजी में कहा, मैं उन सभी परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करना चाहता हूं, जिन्होंने इस आपदा में अपने प्रियजनों को खोया। हम उनके लिए प्रार्थना करते हैं। हम टेक्सास के नेताओं के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। यह एक भयानक घटना थी। हम उन सभी लोगों के लिए प्रार्थना करते हैं जिन्होंने इतना कुछ सहा है। आशीष दुबे / 07 जुलाई 2025