07-Jul-2025


पूर्वी सिंहभूम(ईएमएस)।राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने जमशेदपुर स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान एक्सएलआरआई के सभागार में डूरंड कप 2025 ट्रॉफी अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए इसे झारखंड के लिए गौरव का क्षण बताया और कहा कि डूरंड कप जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का हिस्सा बनना झारखंड की खेल संस्कृति के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि डूरंड कप केवल एक फुटबॉल टूर्नामेंट नहीं, बल्कि भारत की ऐतिहासिक खेल विरासत का प्रतीक है। इस वर्ष जब इसके कुछ मैच झारखंड में खेले जाने हैं, यह हमारे राज्य के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।राज्यपाल ने कहा कि यह आयोजन न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि पर्यटन, स्थानीय व्यवसाय और युवाओं के मनोबल को भी सशक्त बनाएगा। उन्होंने कहा कि फुटबॉल एक ऐसा खेल है जो गली-कूचों से निकलकर स्टेडियम और फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का सपना जगाता है। यह खेल अवसरों की समानता का प्रतीक है, जो ग्रामीण और शहरी, सभी पृष्ठभूमियों के युवाओं को एक समान मंच प्रदान करता है।राज्यपाल ने कहा कि झारखंड की मिट्टी में खेलों का संस्कार है। राज्य के अनेक गाँवों में बच्चे बड़े उत्साह से फुटबॉल एवं अन्य खेलों में भाग लेते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के क्षेत्र में अनेक क्रांतिकारी पहलें हुई हैं, जिनमें खेलो इंडिया, टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम जैसी योजनाएँ विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। उन्होंने हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा पारित राष्ट्रीय खेल नीति को एक दूरदर्शी कदम बताते हुए कहा कि यह नीति भारत को वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।राज्यपाल ने भारतीय सेना, अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ, एक्सएलआरआई जमशेदपुर प्रशासन तथा आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी और कामना की कि डूरंड कप, झारखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक नई पहचान देगा। कर्मवीर सिंह/07जुलाई/25