क्षेत्रीय
12-Jul-2025
...


भोपाल(ईएमएस)। शहर के अशोका गार्डन थाना इलाके में पत्नि से छेड़छाड़ के शक में गुस्साए पति ने युवक के सिर पर फर्शी से घातक वार कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। घायल का अस्पताल में उपचार जारी है, जहॉ उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुप्ता कॉलोनी में परिवार सहित रहने वाला राजाराम एक निजी कंपनी में वेल्डिंग का काम करता है। उसे शक था की सेमरा में रहने वाला अजीत शर्मा उसकी पत्नि से बहाने से बात करते हुए उसके साथ छेड़छाड़ करता है। बताया गया है कि अजीत पुताई का काम करने के साथ ही एक समूह लोन में भी काम करता है। पत्नि के साथ अजीत द्वारा छेड़छाड़ करने के अपने शक के कारण राजाराम उससे रजिंश रखता था। गुरुवार शाम राजाराम अपने घर पहुंचा तब उसने देखा की अजीत उसकी पत्नी के साथ बातचीत कर रहा था। उसे फिर लगा कि अजीत उसकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ कर रहा है। इसी बात को लेकर उसकी अजीत से कहासुनी हो गई। विवाद के दौरान आरोपी राजाराम ने पास पड़ी पत्थर की फर्शी उठाकर पूरी ताकत से उसके सिर पर वार कर दिया। हमले में अजीत के सिर में गंभीर चोटं आई और वह वहीं गिर पड़ा। बाद में सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस को वह खून से लथपथ हालत में सड़क पर मिला था। उसे इलाज के लिये हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहॉ उसका इलाज जारी है। बाद में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी पति को हिरासत में लिया गया है। घायल अजीत की हालत नाजुक बताई जा रही है, और वह वह अभी भी बोलने की हालत में नहीं हैं। वहीं मामले में पुलिस आरोपी की पत्नी की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। जुनेद / 12 जुलाई