पारंपरिक झूले, लोकगीतों और तीज क्वीन प्रतियोगिता ने मोहा मन हाथरस (ईएमएस)। भारत विकास परिषद वनिता शाखा द्वारा हरियाली तीज का रंगारंग और सांस्कृतिक आयोजन अलीगढ़ रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजधज कर पहुंचीं और पूरे आयोजन स्थल को हरियाली तीज के उल्लास और रंगों से सराबोर कर दिया।कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद कविताओं, गीतों, मल्हार और पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियों ने वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण फूलों व रंग-बिरंगी झालरों से सजे पारंपरिक झूले पर मल्हार गायन रहा।तंबोला गेम्स और तीज क्वीन प्रतियोगिता ने मनोरंजन को नया आयाम दिया। नूतन अग्रवाल को तीज क्वीन और सविता वार्ष्णेय को रनर अप घोषित किया गया। दोनों को सम्मान चिन्ह और उपहार प्रदान किए गए।अंत में सभी महिलाओं को तीज की स्मृति में उपहार भेंट किए गए। कार्यक्रम में अध्यक्ष सीमा वार्ष्णेय, सचिव दीप्ति वार्ष्णेय, कोषाध्यक्ष प्रमिला गौड़ सहित परिषद की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं। आयोजन ने पारंपरिक पर्व को जीवंत करते हुए महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक एकता का सुंदर संदेश दिया। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 21 जुलाई 2025