- रात के समय घर में घुसकर चाकू से काटा गला, लाश के पास रख दी ब्लेड - युवती की शादी दूसरी जगह होने से नाराज था आरोपी भोपाल(ईएमएस)। टीटी नगर थाना इलाके के पंचशील नगर में रहने वाली 19 साल की युवती की उसके ही कमरे में बिस्तर पर खून से सनी लाश मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतका युवती के गले पर धारदार हथियार से काटने के निशान थे। मामले में पुलिस ने 24 घंटो के भीतर ही अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए मृतका युवती से एक तरफा प्रेम करने वाले उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। शातिर आरोपी ने चाकू से गला रेतकर युवती की हत्या की थी। इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिये उसकी लाश के पास ब्लेड रखकर भाग गया। आरोपी युवती की शादी अन्य जगह तय होने से नाराज था, और उस पर खुद के साथ शादी करने का दबाव बना रहा था। टीटी नगर थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहर ने बताया की पंचशील नगर में रहने वाली रोशनी पुत्री ऐजाज खॉन (19) ने बारहवीं तक पढ़ाई की थी, इसके बाद वह घर पर ही रहकर घरेलू काम कामकाज संभालती थी। उसके पिता फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करते हैं, जबकि अन्य परिजन चक्की चलाते हैं। 1 सिंतबर सोमवार रात परिवार वालों के साथ खाना खाने के बाद रोशनी मकान के ऊपर वाले अपने कमरे में सोने के लिए चली गई थी। मंगलवार सुबह जब रोशनी अपने कमरे से बाहर नहीं आई तब परिवार वालो ने जाकर देखा तो रोशनी का शव उसके बिस्तर पर पड़ा मिला, उसका गला कटा हुआ था। गला कटने के कारण कमरे में खून फैला हुआ था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल टीम से घटनास्थल की छानबीन के बाद शव को पीएम के लिए भेज दिया। शार्ट पीएम रिपोर्ट में बताया गया कि युवती की मौत धारदार हथियार से गला कटने के कारण से हुई है। मामला कायम कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरु की। * ऐसे पकड़ में आया आरोपी आगे की जॉच में पुलिस ने परिजनो के बयान दर्ज कर मृतिका का मोबाइल फोन खंगाला, जिसमें सामने आया की मृतका युवती की देर रात तक संदेही युवक मुबीन खॉन नामक युवक से बातचीत होती थी, और उसके कई मैसेज भी मोबइल में मिले। मौके पर मिले फिंगर प्रिंट से पुलिस का शक मुबीन पर और गहरा गया। वहीं आगे की पड़ताल में सामने आया की संदेही मुबीन उसी मोहल्ले में रहता है, और मृतिका रोशनी से उसकी खासी जान-पहचान थी। लेकिन बीते दिनो रोशनी की शादी दूसरी जगह तय होने से मुबीन काफी नराज चल रहा था। इसके बाद पुलिस ने बिना देर किये घेराबंदी कर मुबीन खॉन पिता युनुस खान (20) को पकडकर पुछताछ की। * हत्या के बाद लाश के पास ब्लेड छोड़ गया था आरेापी टीआई ने बताया कि पूछताछ में मुबीन ने बताया की वह और रोशनी एक दूसरे को पहले से जानते थे और वह उससे एक तरफा प्रेम करता था। जिसके चलते वह उसके घर पूर्व से ही चोरी छुपे आता-जाता रहता था। रोशनी के परिजनों को यह पसंद नही था। उन्होनें उसे रोशनी से मिलने से मना किया और बाद में उसकी सगाई अन्य जगह कर दी थी, शादी दो माह बाद की तय हुई थी। इससे वह काफी गुस्सा था, और मृतिका पर मिलने का लगातार दबाब बना रहा था। लेकिन रोशनी ने भी उससे मिलने से मना कर दिया। इसके बाद 1 सितंबर की करीब आधी रात को वह धारदार चाकू लेकर युवती के पास वाले घर जिसका गेट हमेशा खुला रहता था, उस घर की छत से रोशनी के घर की छत से उसके कमरे में चला गया। कमरे में जाकर वह उस पर शादी करने का दबाव डालने लगा, रोशनी के इंकार करने पर उसने चाकू निकालकर रोशनी का गला काट कर उसकी हत्या कर दी। किसी को हत्या का शक न हो इसके लिये आरोपी ने उसकी लाश के पास एक ब्लैड रख दी जिससे ऐसा लगे की उसने खुद का गला काटकर खुदकुशी की है। हत्या के बाद आरोपी कमरे का गेट अंदर से बंद कर वापस उसी रास्ते से अपने घर चला गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्याकांड में इस्तेमाल किया गया चाकू उसके घर से जप्त कर लिया है। उसके खिलाफ पूर्व से दो अपराधिक मामले दर्ज है। जुनेद / 3 सितंबर