गांधीनगर (ईएमएस)| गुजरात की राजनीति में आज एक महत्वपूर्ण दिन रहा, जब मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल का पुनर्गठन किया गया। गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नए मंत्रिमंडल में युवाओं को प्राथमिकता देने की भारतीय जनता पार्टी की नीति स्पष्ट रूप से दिखाई दी। सबसे पहले सूरत के मजूरा निर्वाचन क्षेत्र से विधायक और पूर्व गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी को राज्य के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की| उनकी नियुक्ति को पार्टी में युवा नेतृत्व को प्रोत्साहन देने और उनके पिछले कार्यकाल के प्रदर्शन की सराहना के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के अलावा, आठ कैबिनेट मंत्रियों ने शपथ ली। इनमें अनुभवी नेता जितु वाघाणी और नरेश पटेल का नाम शामिल है। इसके अलावा, कांग्रेस से आए और राजनीति में बड़ा नाम रखने वाले पोरबंदर से विधायक अर्जुन मोढवाडिया को भी कैबिनेट मंत्री के रूप में स्थान दिया गया है। नए मंत्रिमंडल में प्रद्युमन वाजा और रमण सोलंकी जैसे नए चेहरे भी शामिल हैं, जो क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन बनाए रखने का संकेत देते हैं। हालांकि, पूर्व कैबिनेट मंत्रियों में से ऋषिकेश पटेल, कनु देसाई और कुंवरजी बावळिया ने इस्तीफा नहीं दिया है, इसलिए उन्होंने शपथ नहीं ली, लेकिन वे कैबिनेट सूची में बने हुए हैं। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में ईश्वरसिंह पटेल, प्रफुल पानसेरिया और डॉ. मनीषा वकील ने शपथ ग्रहण किया। डॉ. मनीषा वकील की नियुक्ति से मंत्रिमंडल में महिला प्रतिनिधित्व को भी महत्व मिला है। मंत्रिमंडल में बारह राज्य स्तरीय मंत्रियों को शामिल किया गया है, जिनमें कई नए चेहरे हैं। जिसमें मोरबी के विधायक कांती अमृतिया के अलावा रमेश कटारा, दर्शनाबेन वाघेला, कौशिक वेकरिया, प्रवीण माळी, जयराम गामीत, तृकम छागा, संजय महिडा, कमलेश पटेल, स्वरूप ठाकोर, रिवाबा जाडेजा और पी.सी. बरंडा ने भी शपथ ली। खास बात यह है कि टीम इंडिया के मशहूर क्रिकेटर रवींद्र जाडेजा की पत्नी रिवाबा जाडेजा को भी इस मंत्रिमंडल विस्तार में शामिल किया गया है, जो युवाओं और महिलाओं को अवसर देने की पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सतीश/17 अक्टूबर