देश को आत्मनिर्भर बनाने स्वदेशी अपनाएं- रघुनंदन शर्मा कार्यकर्ता आमजनों से मिलकर स्वदेशी अपनाने का आग्रह करें- रविन्द्र यति आत्मनिर्भर भारत’ को लेकर मध्य विधानसभा में सम्मेलन का हुआ आयोजन भोपाल (ईएमएस)। मध्यप्रदेश शासन के मंत्री चेतन्य काश्यप, वरिष्ठ नेता रघुनंदन शर्मा एवं जिलाध्यक्ष रविंद्र यति ने सोमवार को मोटल सिराज में आयोजित ‘आत्मनिर्भर भारत’ के तहत मध्य विधानसभा के सम्मेलन को संबोधित किया। पूर्व में दीप प्रज्जवलित एवं वंदे मातरम गायन के साथ सम्मेलन का उदघाटन हुआ। इस दौरान मंत्री चेतन्य काश्यप, वरिष्ठ नेता रघुनंदन शर्मा, पूर्व सांसद आलोक संजर, महापौर श्रीमती मालती राय को भगवान श्री राम के अयोध्या मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सम्मेलन को वरिष्ठ नेता रघुनंदन शर्मा, पूर्व सांसद आलोक संजर एवं महापौर श्रीमती मालती राय ने भी संबोधित किया। मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने में अपना अमूल्य सहयोग दें- श्री काश्यप सम्मेलन को मध्यप्रदेश शासन के मंत्री चेतन्य काश्यप ने संबोधित करते हुए कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने में मध्यप्रदेश अपनी अग्रणी भूमिका निभाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कार्य किया और आज स्थिति है कि भारत रूपए में रूस से पेट्रोलियम पदार्थों का लेनदेन कर रहा है। प्रधानमंत्री जी ने हर क्षेत्र में पारदर्शी व्यवस्था बनाने के लिए आयकर में भी बड़ा बदलाव किया है। कांग्रेस के शासनकाल में एक नंबर में धंधा करना आसान कार्य नहीं था। प्रधानमंत्री जी ने कानूनों में सुधार करके पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बनाया है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। बड़ी संख्या में देशी-विदेशी निवेशक मध्यप्रदेश में अपने उद्योग स्थापित करने के लिए कार्य शुरू कर चुके हैं। भारत को सशक्त बनाने में मध्यप्रदेश अपनी सार्थक भूमिका अदा करेगा। स्वदेशी के अभियान को घर-घर तक पहुंचाना होगा। मध्यप्रदेश के लोगों से मैं अपील करता हूं कि अपने देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी को बढ़ावा दें। हम जब भारत में बना सामान खरीदेंगे, तभी निर्यात कम होगा और भारत की अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी। आप जब सामान खरीदने जाएं तो एक बार जरूर विचार करें कि जो सामान आप खरीदकर अपने घर ले जा रहे हैं, क्या उसे बनाने में किसी भारतीय का पसीना बहा है या नहीं। क्या उस सामान को खरीदने से किसी गरीब रेहड़ी-पटरी पर व्यवसाय करने वाले का भला हो रहा या नहीं। अगर आप रेहड़ी-पटरी वाले, लघु और कुटीर उद्योगों में बनने वाले स्वदेशी सामानों को खरीदेंगे तो निश्चित रूप से भारत बहुत जल्दी ही आत्मनिर्भर बन जाएगा। आप सभी संकल्प लें कि आने वाले दिनों व त्यौहारों पर छोटे से छोटे सामान भी खरीदेंगे तो रेहड़ी-पटरी वालों से, ठेले वालों से ताकि भारत का पैसा भारत में रहे। आप सभी स्वदेशी को अपनाएं और भारत को आत्मनिर्भर बनाने के साथ मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने में अपना अमूल्य सहयोग दें। प्रधानमंत्री श्री मोदी महात्मा गांधी के सपने को पूरा कर रहे हैं- धु्रवनारायण सिंह पूर्व विधायक धु्रवनारायण सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक कदम उठाए हैं। महात्मा गांधी ने आजादी से पहले स्वदेशी का जो सपना देखा था, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उसे पूरा करने के लिए स्वदेशी अपनाने का अभियान चला रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने वर्ष 2014 से ही भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी की नीतियों से आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। भारत आने वाले दो वर्षों में जर्मनी को पीछे छोड़कर विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बनने जा रहा है। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने और आत्मनिर्भर बनाने में मध्यप्रदेश भी पीछे नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने में बड़ा योगदान दे रही है। कार्यकर्ता आमजनों से मिलकर स्वदेशी अपनाने का आग्रह करें- रविन्द्र यति जिलाध्यक्ष रविंद्र यति ने कहा कि प्रदेश “आत्मनिर्भर भारत” के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा। “स्वदेशी अपनाना” इस अभियान का प्रमुख अंग है। स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ करना आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में अहम कदम माना गया है। स्वस्थ नागरिकों से ही आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश संभव है। हम सभी मिलकर भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यकर्ता पहुंचकर आमजनों के बीच स्वदेशी अपनाने का आग्रह करें जिससे हमारा देश और प्रदेश अधिक मजबूत बनेगा। मंच का संचालन अशोक सैनी ने किया। सम्मेलन में पार्षद, मंडल अध्यक्ष, विधानसभा में निवासरत चिकित्सक, इंजीनियर, प्रबुद्धजन, रहवासी समितियों के अध्यक्षगण, व्यापारीगण, बुद्धिजीवी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति उपस्थित रहीं। धर्मेन्द्र, 10 नवम्बर, 2025