अंतर्राष्ट्रीय
22-Nov-2025
...


-ताइवान को सैन्य मजबूती और ‘शांति बनाए रखने’ की है अमरिकी रणनीति वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका ने ताइवान को करीब 700 मिलियन डॉलर का एडवांस्ड नासाम्स मिसाइल सिस्टम बेचने की बात कही है। यह अमेरिका का एक सप्ताह में दूसरा हथियार पैकेज है, जिससे कुल सैन्य सहायता 1 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई। इस कदम को ताइवान के लिए अमेरिकी समर्थन का मजबूत संकेत माना जा रहा है, लेकिन इस पर चीन भड़क गया और उसने ताइवान के पास अपने सैन्य जहाज और फाइटर जेट तैनात कर दिए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका ने हथियार बिक्री का यह कदम ऐसे समय में उठाया है जब ताइवान को लेकर जापान और चीन में विवाद चल रहा है। जापानी पीएम साने ताकाइची ने एक बयान में युद्ध की स्थिति में ताइवान को मदद देने की बात कही थी। इसे लेकर चीन सख्त प्रक्रिया दे रहा है और हर हाल में जापान को झुकाने में लगा है, लेकिन अमेरिका उसके लिए दीवार बना हुआ है। अमेरिका लगातार हथियारों से ताइवान की मदद कर रहा है। एडवांस्ड नासाम्स मिसाइल सिस्टम का इस्तेमाल पहले यूक्रेन की तरफ से रूसी हमले रोकने के लिए किया जा चुका है। इसे बेहद प्रभावी माना जाता है। इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में नासाम्स सिस्टम अभी केवल ऑस्ट्रेलिया और इंडोनेशिया के पास है। अमेरिका ने पिछले साल घोषणा की थी कि ताइवान को भी इसके तीन यूनिट दिए जाएंगे, जो 2 बिलियन डॉलर के बड़े पैकेज का हिस्सा हैं। पेंटागन के बयान के मुताबिक आरटीएक्स कंपनी को नासाम्स सिस्टम के लिए फिक्स्ड-प्राइस कॉन्ट्रैक्ट दिया गया है और इसका काम फरवरी 2031 तक पूरा होगा। पेंटागन ने कहा कि फिस्कल 2026 के फॉरेन मिलिट्री सेल्स फंड्स से 698,948,760 डॉलर जारी कर दिए हैं। यूक्रेन में कारगर साबित होने के कारण नासाम्स की वैश्विक मांग बढ़ी है। ताइवान इसे अपनी एयर डिफेंस क्षमता का बड़ा हिस्सा मान रहा है। इस बीच ताइपे में अमेरिका के शीर्ष अधिकारी ने कहा कि ताइवान के लिए अमेरिकी समर्थन ‘रॉक सॉलिड’ है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ताइवान को सैन्य रूप से मजबूत बनाकर ‘शांति बनाए रखने’ की रणनीति अपना रहा है। इस बीच ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार सुबह जानकारी दी कि उसने चीनी सेना के 16 विमान और छह नौसैनिक जहाजों को ताइवान के आसपास देखा। इनमें से 13 विमान मध्य रेखा पार कर ताइवान के एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन जोन में पहुंचे। मंत्रालय का कहना है कि हाल के दिनों में चीन की गतिविधियों में तेजी आई है और ताइवान लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है। सिराज/ईएमएस 22 नवंबर 2025