दुबई (ईएमएस)। संयुक्त अरब अमीरात में नया साल आते ही जश्न अपने चरम पर होता है। आतिशबाजी, ड्रोन शो और रंग-बिरंगी रोशनी के बीच सबसे ज्यादा ध्यान दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा पर रहता है। हर साल 31 दिसंबर की रात लाखों लोग उस पल का इंतजार करते हैं, जब बुर्ज खलीफा रोशनी से चमक उठता है। इस शानदार नजारे के पीछे कई महीनों की मेहनत छिपी होती है। नए साल 2026 के लिए बुर्ज खलीफा पर बेहद ताकतवर लाइट्स और लेजर लगाए गए। इनकी तैयारी करीब छह महीने पहले शुरू कर दी गई थी। तकनीशियन और मजदूर सैकड़ों मीटर की ऊंचाई पर काम करते नजर आए। वे रस्सियों के सहारे इमारत की दीवारों से लटककर लाइट और उपकरण फिट करते रहे। एमार प्रॉपर्टीज के संस्थापक मोहम्मद अल अब्बार ने इस काम का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया और सभी तकनीकी टीमों का धन्यवाद किया। वीडियो में दिखाया गया कि कैसे कुछ लोग ऊंचाई पर लाइट्स लगा रहे हैं, जबकि दूसरी टीम नीचे बैठकर कंप्यूटर से पूरी रोशनी और लेजर शो को कंट्रोल कर रही है। लाइटिंग का काम करने वाली दुबई की कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि पूरी तैयारी में छह महीने लगे। उन्होंने कहा, “जब काउंटडाउन शुरू होता है तो दिल की धड़कन तेज हो जाती है। 12 बजे से ठीक पहले हर चीज सही समय पर चलनी चाहिए।” उन्होंने यह भी बताया कि बुर्ज खलीफा पर करीब 250 लाइट्स और 70 लेजर लगाए गए थे। जैसे ही घड़ी ने रात 12 बजे का समय दिखाया, बुर्ज खलीफा रोशनी और लेजर से जगमगा उठा। फव्वारों, लाइट्स और आतिशबाजी का यह शानदार नजारा देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो गए। इस तरह बुर्ज खलीफा ने भव्य अंदाज में नए साल 2026 का स्वागत किया।