क्षेत्रीय
08-Jan-2026
...


० मनरेगा संशोधन के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा रायपुर (ईएमएस)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की दो महत्वपूर्ण बैठकें आज राजीव भवन, रायपुर में संपन्न हुईं। बैठकों में राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव सहित एआईसीसी एवं पीसीसी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक में “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत जनवरी–फरवरी 2026 में प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही एसआईआर में वंचित पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा प्रदेश में धान खरीदी के दौरान किसानों को हो रही समस्याओं पर भी चर्चा की गई। राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने कहा कि मनरेगा रोजगार का संवैधानिक अधिकार था, जिसे भाजपा सरकार ने कमजोर कर योजना में बदल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा को धीरे-धीरे समाप्त करना चाहती है। भाजपा भ्रम फैला रही है, जबकि पूरा विपक्ष मनरेगा संशोधन के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जैसे कृषि कानून वापस लिए गए, वैसे ही मनरेगा संशोधन भी वापस लेना पड़ेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि मोदी सरकार ने मनरेगा के बजट में भारी कटौती की है। छत्तीसगढ़ में काम के दिन घटने से लगभग 7.5 लाख लोग पलायन को मजबूर हुए हैं। कांग्रेस की मांग है कि मनरेगा मजदूरी 400 रुपये प्रतिदिन की जाए और संशोधन तुरंत वापस लिया जाए। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि मनरेगा बचाओ आंदोलन मजदूरों और आम जनता के हित की लड़ाई है और इसे पूरी मजबूती से अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि मनरेगा के मूल प्रावधानों और वर्तमान संशोधनों से होने वाले नुकसान को जनता तक पहुंचाना कांग्रेस की जिम्मेदारी है। प्रदेश कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन पूरी गंभीरता, व्यापक जनभागीदारी और शांतिपूर्ण तरीके से चलाया जाएगा। सत्यप्रकाश /चंद्राकर/08 जनवरी 2026