क्षेत्रीय
09-Jan-2026
...


- जेठ ने बहू पर किया टंगिया के बेट से हमला कांकेर(ईएमएस)। जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेंदुर मेटा में जमीन बंटवारे को लेकर पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि जेठ ने अपनी बहू पर टंगिया के बेट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की शिकायत दर्ज कराते हुए पीड़ित किसान हेमंत राम सिन्हा, निवासी सेंदुर मेटा, ने बताया कि उनका बड़ा भाई सताऊ राम सिन्हा शराब का आदी है। इसी कारण दोनों भाई पिछले करीब 10 वर्षों से अलग-अलग रह रहे हैं, हालांकि अब तक पैतृक जमीन का बंटवारा नहीं हुआ है। पीड़ित के अनुसार, उसने पैतृक भूमि के एक एकड़ हिस्से में इस वर्ष धान की फसल लगाई थी। घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था। इसी दौरान आरोपी उसके घर पहुंचा और उसकी पत्नी साधना सिन्हा से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद करने लगा। विवाद के दौरान आरोपी ने गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी देते हुए टंगिया के बेट से महिला पर हमला कर दिया। हमले में साधना सिन्हा के सिर, हाथ और कोहनी में गंभीर चोटें आई हैं। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की सूचना मिलते ही आमाबेड़ा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। अपराध की प्रकृति के अनुसार आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस(राकेश गुप्ता)09 जनवरी 2026