क्षेत्रीय
09-Jan-2026
...


- महामाया आईटीआई में 13 जनवरी तक चलेगा वार्षिक खेल महोत्सव बिलासपुर (ईएमएस)। महामाया आईटीआई, खमतराई में प्रतिवर्ष की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी वार्षिक खेलकूद महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। खेल महोत्सव की शुरुआत 5 जनवरी से हुई है, जो 13 जनवरी तक संस्था परिसर में चलेगा। इस दौरान प्रशिक्षुओं के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास को ध्यान में रखते हुए विविध खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। खेल महोत्सव में खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, रस्सा कस्सी जैसी टीम स्पर्धाओं के साथ-साथ जलेबी दौड़, कुर्सी दौड़, नींबू-चम्मच दौड़ एवं बोरा दौड़ जैसी रोचक प्रतियोगिताएँ भी शामिल हैं, जिनमें प्रशिक्षु उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। पूरे परिसर में खेल भावना और उल्लास का वातावरण बना हुआ है। संस्थान के संचालक एस. एल. साहू ने बताया कि प्रत्येक वर्ष इस प्रकार के खेल आयोजनों से प्रशिक्षुओं में अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। खेल महोत्सव का शुभारंभ संस्थान की संचालिका संतोषी साहू द्वारा किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में दैनिक जीवन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी खिलाडयि़ों को खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रशिक्षण अधिकारी पी. एस. राठौर, राजेश साहू, मनोज गौरव, ज्ञानचंद्र साहू, ज्ञानेश्वर बरगाह, ठाकुर सिंह, वीरेंद्र रात्रे, अरुण कमलसेन, अजय यादव, प्रमोद राठौर, सरिता साहू, दुर्गा ध्रुव, बलराम, रजत, सत्यजीत, गणपत, सुनीता, वृहस्पति सहित समस्त प्रशिक्षणरत प्रशिक्षु उपस्थित रहे। खेल महोत्सव को लेकर प्रशिक्षुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 09 जनवरी 2026